हल्द्वानी: ज्योलीकोट के यात्रियों को नहीं बैठा रहे बस चालक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी स्टेशन में सोमवार को ज्योलीकोट जाने वाली महिला को बस से उतारा

महिला फूट - फूट कर रोते हुए पहुंची स्टेशन के संचालन कार्यालय संचालन कर्मी ने शांत कराकर बागेश्वर डिपो की बस में बैठाया 

हल्द्वानी, अमृत विचार। नैनीताल जाने वाली बसों में बीच मार्ग में पड़ने वाले गांवों की सवारियों को नहीं बैठाया जा रहा है। सोमवार को हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में एक महिला स्टेशन के संचालन कार्यालय में अपनी शिकायत लेकर पहुंची। महिला संचालन कार्यालय में आकर फूट - फूट कर रोने लगी।

महिला ने बताया कि उसे ज्योलीकोट जाना था। वह नैनीताल जाने वाली बस में बैठी लेकिन बस की महिला परिचालक ने ज्योलीकोट की सवारी को बस में नहीं बैठाने की बात कहकर उसे बस से उतार दिया। इस पर संचालन कर्मी ने महिला को शांत कराया और संबंधित बस के बारे में पूछा और उसके पास ले जाने को कहा।

संचालन कर्मी बस के पास गया और संबंधित बस परिचालक से महिला यात्री को बैठाने को कहा लेकिन बस वहां से निकल गई। इसके बाद कर्मी ने महिला को बागेश्वर डिपो की नैनीताल जाने वाले बस में बैठाया।

पूर्व में भी कुछ यात्रियों ने इस तरह की शिकायत की थी। यात्रियों का कहना था कि नैनीताल मार्ग की बसें लोकल की सवारियों को नहीं बैठा रहीं हैं और मार्ग के बीच में पड़ने वाले यात्रियों के बस रोकने का इशारा करने पर भी चालक, परिचालक बस नहीं रोकते हैं।


सीट होने के बावजूद भी बस में न बैठाने का मामला गंभीर के साथ ही अजीबोगरीब भी है। ज्योलीकोट की सवारी को नहीं बैठाना सरासर गलत है। मेरे पास महिला की शिकायत आई होती तो मैं  बस का पे बिल मंगाकर जांच करता। हल्द्वानी डिपो की बसों में इस तरह की शिकायतें मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 
- सुरेंद्र सिंह बिष्ट, एआरएम, हल्द्वानी डिपो

 

 

संबंधित समाचार