Rain In Baharaich : बारिश से मौसम हुआ सुहावना, किसानों के खिले चेहरे
पयागपुर में पेड़ गिरने से तीन घायल
बहराइच/पयागपुर, अमृत विचार। जिले में देर रात से मौसम अचानक बदल गया। रात दो बजे से सुबह तक रिमझिम बारिश हुई। मंगलवार शाम को भी बारिश हुई। इससे मौसम में नमी आ गई। गर्मी से परेशान लोगों को निजात मिली। समय से हुई बरसात को लेकर किसान भी खुश हैं।
जिले में कई दिनों से भीषण गर्मी थी। अधिकतम पारा 41 डिग्री के आसपास प्रतिदिन रहता था। इससे जनपद वासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। सोमवार देर रात को मौसम अचानक बदल गया। रात दो बजे से रिमझिम बारिश शुरू हो गई। यह बारिश मंगलवार सुबह तक होती रही। इसके बाद तेज धूप निकल आई तेज धूप में लोगों को चिपचिपाहट का सामना करना पड़ा। शाम 4 बजे से एक बार अचानक मौसम में फिर तब्दीली हो गई आसमान में काले बादल छा गए इसके बाद लगभग 10 मिनट तक बारिश की बूंदा बांदी हुई। 24 घंटे में दो बार बारिश होने से मौसम में नमी आ गई है गर्मी से परेशान लोगों को निजात मिली। दोपहर बाद से आसमान में काले बादल छाए रहे।
पयागपुर के पावर हाउस के निकट तेज हवा और बारिश में एक जामुन का पेड़ सड़क पर गिर गया। इसके चलते बाइक सवार चपेट में आ गए। तीन लोग पेड़ गिरने से घायल हो गए। पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ विनायक साही ने बताया कि आगामी दिनों में भी बारिश के संकेत मिल रहे हैं किसान खेतों की जुताई करवाना शुरू करवा दें।
और हो गया जलभराव
रात में रिमझिम बारिश तेज बरसात में बदल गई। तीन घंटे तक बारिश होने के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्र के कुछ सड़कें जलमग्न हो गई द्वार पर पानी भरा होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें -ठेकेदार पर कराएं एफआईआर : कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब
