काशीपुर से पुलिस कस्टडी से हथकड़ी समेत बंदी फरार, बॉर्डर सील कर की चेकिंग, फिर भी नहीं लगा सुराग
काशीपुर, अमृत विचार। अल्मोड़ा पुलिस की कस्टडी से मंगलवार तड़के शाहनवाज नाम का बंदी काशीपुर से हथकड़ी समेत फरार हो गया। एनडीपीएस के आरोप में बंद इस आरोपी को पेशी के लिए अल्मोड़ा पुलिस जेल से पेशी के लिए नगीना (बिजनौर) लेकर जा रही थी। काशीपुर पहुंचने पर लघुशंका करने के लिए गाड़ी से उतरकर यह बंदी पुलिस को चकमा दे गया। बंदी की फरारी की सूचना पर काशीपुर पुलिस में हड़कंप मच गया। जिला पुलिस ने नाकाबंदी कर बंदी की तलाश शुरू कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
अल्मोड़ा के एएसआई दयान दत्त ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर बताया कि मूल रूप से ग्राम हकीकतपुर पोस्ट पखनपुर थाना नगीना जिला बिजनौर निवासी शाहनवाज एनडीपीएस के मामले में अल्मोड़ा जेल में बंद था। उसे नगीना कोर्ट में पेश करने के लिए मंगलवार को अल्मोड़ा से नगीना ले जा रहे थे। इस दौरान तड़के करीब 4:30 बजे रामनगर रोड पर होटल प्रेम दीप के पास लघुशंका करने के बहाने शाहनवाज ने पुलिस की गाड़ी को रुकवाया।
लघुशंका करने के दौरान ही वह पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित जंगलों के रास्ते फरार हो गया। पुलिस द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले में सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि फरार बंदी शाहनवाज पर अल्मोड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज था और उसकी मंगलवार को एडीजी कोर्ट नगीना में पेशी होनी थी। उसकी तलाश में कई टीमें लगी है। उसके संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है। बॉर्डर सील कर चेकिंग की जा रही है।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ाः हल्द्वानी-अल्मोड़ा हाईवे पर पलटा लोडेड ट्रक, चालक घायल
