नैनीताल: नाव चालक ने दी पर्यटक के बच्चे को झील में डुबोने की धमकी
नैनीताल, अमृत विचार। मल्लीताल क्षेत्र में नाव चालकों ने नौकायन के दौरान यूपी के पर्यटकों के साथ मारपीट कर दी। विरोध जताने पर बीच झील में बच्चों को डुबाने की धमकी दी। पर्यटकों ने कोतवाली में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार यूपी बिजनौर निवासी मो. आसिफ अपने परिजनों के साथ नैनीताल घूमने आये थे। लगभग शाम चार बजे वह दो चप्पू नौकाओं में अपने परिवार के साथ झील में नौकायन करने लगे। जब एक नाव दूसरी नाव से आगे निकल गई तो पर्यटक ने साथ साथ चलने की गुजारिश की। इस पर नाव चालक अभद्रता करने लगा।
जब पर्यटकों ने अभद्रता का विरोध किया तो नाव चालक पर्यटकों के बच्चों को झील में डुबाने की धमकी देने लगा। जब पर्यटकों ने विरोध कर वापस किनारे चलने को कहा तो नाव चालक ने उनके साथ मारपीट कर दी। इस दौरान अन्य नाव चालकों ने भी नाव में पहुंचकर उनके साथ मारपीट कर दी।
जब झील के किनारे अन्य नाव चालकों ने झील में मारपीट होते देखी तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर मामला शांत किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पर्यटकों को कोतवाली ले आई। लेकिन मारपीट करने वाले नाव चालक फरार हो गए। कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि पर्यटकों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
