इटावा : पुलिस से परेशान महिला ने खाया जहर, परिजनों शव रखकर लगाया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा, अमृत विचार। थाना सिविल लाइन इलाके के पूठन सकरौली में एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस से परेशान होकर महिला ने जहर खाकर जान दे दी। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और  पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजन प्रताड़ित करने वाले प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन को तत्काल निलंबित करने की मांग कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक जाम हटाने के लिए समझाने का प्रयास जारी था।

पूठन करौली निवासी अजय कुमार छह जून को अपने ट्रैक्टर पर मिट्टी लादकर ला रहे थे। पूठन सकरौली के सिपाही ने उनके साथ अभद्रता की थी। इस दौरान सिपाही ने मारपीट का आरोप लगाते हुए अजय कुमार, उसकी पत्नी सपना देवी व अजय के दो भाईयों पवन व संदीप के खिलाफ अवैध खनन मारपीट व सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। 

सपना की सास सीता देवी ने बताया कि उनके बेटे अजय की बहू सपना ने मंगलवार को पुलिस से प्रताड़ित होकर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे आगरा ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। छह जून को मिट्टी की ट्राली पकड़ने के बाद पुलिस घर में आकर लगातार परेशान कर रही थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ भी की। यह भी आरोप लगाया कि मिट्टी की ट्राली के बदले पुलिस रुपये वसूलती थी।

जाम लगने की सूचना पर सीओ सिटी अमित कुमार, एसडीएम सदर विक्रम राघव व भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचकर समझाने बुझाने में जुटे हैं।  परिजन थाना सिविल लाइन प्रभारी, चौकी इंचार्ज और सिपाही पर मुकदमा दर्ज निलंबित करने की मांग को लेकर सड़क पर बैठे हैं। इस दौरान भाजपा नेता शिव प्रताप राजपूत व आम आदमी पार्टी के विधान सभा प्रत्याशी रहे शिव प्रताप भी मौके पर पहुंच गए।

ये भी पढ़ें -सुलतानपुर : लटकता मिला नवविवाहिता का शव, पुलिस ने पति के खिलाफ केस दर्ज कर भेजा जेल

संबंधित समाचार