अयोध्या: जनपद में औसत से कम वर्षा, शहर में 21.4 और गांवों में 4.2 एमएम, उमस करती रहेगी बेहाल
सोहावल के पिरखौली में सर्वाधिक 51.4, अमानीगंज के बांसगांव में सिर्फ 12 मिलीमीटर बारिश, सप्ताह भर तक औसतन बारिश की संभावना, उमस करती रहेगी बेहाल
अयोध्या/अमृत विचार। कड़ी धूप के बीच आसमान पर छाती काली घटाओं को देख कर मुदित होने की जरूरत नहीं है। फिलहाल आसमान पर छाने वाली यह काली घटाएं आपकी बारिश की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरने वाली हैं। दिल बाग-बाग कर देने वाली बारिश के लिए अभी सप्ताह भर और इंतजार करना पड़ेगा। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार अब तक जिले में कुल 25.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है जो औसत बारिश से भी कम है।
कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार 21 जून को पूरे जिले में बारिश नहीं हुई बल्कि उन हब में हुई जहां बादल बेहतर थे। रेकार्ड के अनुसार जहां पूरे जिले में कुल 25.6 मिली मीटर बारिश हुई वहीं अयोध्या शहरी क्षेत्र में 21.4 मिली मीटर, वह भी औसत बारिश से काफी कम। इसके अलावा सोहावल तहसील के पिरखौली गांव बारिश के मामले में सबसे बेहतर रहा। यहां 21 जून को 51.4 मिलीमीटर वर्षा हुई जो जिले में सबसे ज्यादा है। कुमारगंज में भी इंद्र देवता ने खास कृपा नहीं की वहां मात्र 18.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
सबसे कम बारिश अमानीगंज ब्लाक के बांसगांव में हुई। वहां मात्र 12 मिलीमीटर ही बारिश हुई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्र ने गुरुवार को बताया कि एक सप्ताह तक छिटपुट ही बारिश होगी। सप्ताह भर बाद मानसून के पूरी तरह से सक्रिय होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जब तक सामान्य वर्षा नहीं होगी तब तक सापेक्षिक आर्द्रता बढ़ती रहेगी। इसके चलते उमस से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है।
बादलों ने बदली आदत, अब एक साथ नहीं हब बन कर हैं छाते
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के कृषि वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्र के अनुसार ग्लोबल वार्मिंग ने बादलों की आदत बदल दी है। दशक भर पहले बादल एक साथ छाते थे और सामान्य से अधिक वर्षा होती थी। अब बादल टुकड़ों में हब बना कर छाते हैं जिससे अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश होती है। उन्होंने बताया कि पर्यावरण में क्षति से बादलों का वाष्पीकरण भी कमजोर होता जा रहा है। इसलिए मानसून बारिश विलम्ब से हो रही है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बिजली कटौती को लेकर आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
