बाजपुर: चीनी मिल की सह इकाई लीज पर देने का विरोध 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कांग्रेस ने बैठक कर दी आंदोलन की चेतावनी, 26 को एसडीएम कार्यालय पर देंगे धरना

 किसानों, मजदूरों के साथ निकाली जाएगी रैली  नेहरू की स्थापित मिल को दुर्भावना से खत्म करने का लगाया आरोप 

बाजपुर, अमृत विचार। सहकारी चीनी मिल बाजपुर की सह इकाई आसवनी को 30 वर्ष के लिए लीज पर दिए जाने के विरोध में कांग्रेस ने सभी के सहयोग से बड़ा आंदोलन चलाने का ऐलान किया है।

जिसमें किसानों, मजदूरों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ नेता प्रतिपक्ष की अगुवाई में एक बड़ी रैली निकाली जाएगी। जो एसडीएम कार्यालय पर धरने में तब्दील होगी। इसके बाद भी यदि सरकार नहीं चेती तो सड़क से विधानसभा कांग्रेस मामले को लेकर जाएगी। 

गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के कार्यालय पर हुई कांग्रेस की बैठक में सहकारी चीनी मिल बाजपुर की सह इकाई आसवनी को 30 वर्ष के लिए लीज पर दिए जाने के विरोध में लोगों में गुस्सा देखा गया।

वक्ताओं ने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू के नाम पर चीनी मिल को समाप्त करने की योजना प्रदेश सरकार बना रही है। क्योंकि तत्कालीन उत्तर प्रदेश की यह प्रथम सहकारी चीनी मिल है। जिसमें किसानों द्वारा 1958-59 में तीन-तीन सौ रुपये के शेयर खरीद कर इस मिल को स्थापित कराया गया था और जापानी मशीन मिल में लगवाई गई थी। उस समय देश के प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने 16 फरवरी 59 को इसका उद्घाटन किया था।

आरोप लगाया कि यही बात भाजपा को खटक रही है। देशभर में नेहरु से जुडे़ संस्थानों को बेचा जा रहा है या पीपी मोड पर देकर उनका अस्तित्व खत्म किया जा रहा है। कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। बैठक में तय किया गया कि गांव-गांव रैली व धरने का प्रचार कर लोगों को जोड़ा जाएगा। वहीं, किसान यूनियन के अध्यक्ष हरमिंदर सिंह लाडी ने सभी किसान संगठनों से मिल हित में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

इस दौरान सरकार को दो टूक कहा गया कि यदि सरकार ने निविदा निरस्त करने के आदेश जारी नहीं किए तो 26 जून से संगठित होकर बहुत बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। बैठक में किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरेंद्र सिंह लाडी, विधायक प्रतिनिधि राजकुमार, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नवदीप सिंह कंग, डीके जोशी जोरावर सिंह भुल्लर,वीरेन्द्र सिंह ,जीत सिंह, विश्वजीत सिंह, लीलाधर सैनी, अभिषेक तिवारी, प्रमोद जोशी,परवेज, निसार अहमद,लाल सिंह, सरताज ओलख, ओमप्रकाश ,बब्बू सैफी, महिपाल यादव, गुरचरण सिंह, जगजीत सिंह, जसवंत सिंह,हरवंश सिंह आदि मौजूद थे।

 

 

संबंधित समाचार