अयोध्या: नगर पंचायत भरतकुंड-भदरसा की पहली बैठक में पास हुआ नौ करोड़ रुपये का बजट, दूधिया रोशनी से चमकेंगे वार्ड
पूराबाजार/अयोध्या, अमृत विचार। नगर पंचायत भरतकुंड भदरसा की पहली बैठक में नौ करोड रुपये का बजट पास हुआ। इस दौरान 15 प्रस्ताव पारित हुए। महत्वपूर्ण बात यह रही कि नगर पंचायत के 18 वार्डों को चमकाने के लिए प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद राशिद की अध्यक्षता में भरतकुंड भदरसा नगर पंचायत की पहली बैठक कार्यालय सभागार में हुई। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे बीकापुर के विधायक डॉ अमित सिंह चौहान ने कहा कि नगर पंचायत के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। नगर पंचायत में शामिल नए गांव में विकास को प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में भरतपुर वार्ड नंबर 5 के सभासद रामकृष्ण पांडे ने प्रस्ताव रखा की नए परिसीमन में शामिल 10 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवनों को उस वार्ड की जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए नगर पंचायत के अधिकारी उपस्थित रहें और वार्ड के सभासद उपस्थित होकर निराकरण कराएं।
बैठक में पेयजल, प्रकाश, सफाई व्यवस्था, कार्यालय भवन, मंडप भवन, स्टोर रूम, डंपिंग ग्राउंड एक रूम की व्यवस्था, टैक्सी स्टैंड हेतु भूमि की व्यवस्था, विस्तार में शामिल नए ग्राम पंचायतों में स्थित तालाब/ सरोवर के निर्माण, खाली पड़ी सरकारी भूमि पर दुकान के निर्माण, गौशाला के निर्माण, कार्यालय के लिए पंपसेट की खरीद व सभासदों का भत्ता बढ़ाने समेत कुल 15 प्रस्ताव पारित हुए। सभासदों द्वारा जल निकासी, जलभराव और नाली खड़ंजा निर्माण के लिए अधिकतर प्रस्ताव रखे।
आखिर में बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद राशिद ने कहा कि नगर पंचायत के विकास कार्य सभासदों की सहमति के आधार पर किए जाएंगे। उन्होंने सभी सभासदों से कहा कि अपने अपने वार्ड से प्रमुख रूप से होने वाले विकास कार्यों की सूची उपलब्ध करा दें और दो तालाब जिसका सौंदर्यीकरण होना है उसकी भी सूची जल्द उपलब्ध करा दें।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि नगर पंचायत के सभी 18 वार्डों के गली मोहल्लों में लाइट की व्यवस्था तत्काल की जायेगी, जिससे पूरा नगर पंचायत भरतकुंड भदरसा रात में दूधिया लाइट में जब जगमगाता रहे। बैठक में नगर पंचायत के ई ओ इंद्र प्रताप समेत सभी 18 सभासद मौजूद थे।
ये भी पढ़ें - अयोध्या : पटना महावीर मंदिर की दावेदारी को लेकर एक बार फिर विवाद शुरू, हनुमानगढ़ी ने ठोका अपना दावा
