Chitrakoot : एक करोड़ जीतने वाले युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पिछले साल ड्रीम इलेवन से जीती थी भारीभरकम रकम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी।

चित्रकूट में ड्रीम इलेवन में लगभग एक करोड़ की रकम जीतने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव फंदे से लटका मिला तो घरवालों का हाल बेहाल हो गया।

चित्रकूट, अमृत विचार। ड्रीम इलेवन में लगभग एक करोड़ की रकम जीतने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव फंदे से लटका मिला तो घरवालों का हाल बेहाल हो गया, वहीं अन्य लोग भी स्तब्ध रह गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। 

मऊ थानांतर्गत मोहिनी गांव निवासी रामकल्याण शुक्ला के पुत्र राहुल शुक्ला (26) का शव शनिवार को कमरे में चादर के सहारे फंदे से लटका मिला तो परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों के अनुसार, राहुल रोज की तरह शुक्रवार की रात भी खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह काफी देर तक जब राहुल कमरे से बाहर नहीं निकला तो उसकी बहन ने दरवाज़ा खटखटाया। कोई आहट नहीं मिली तो सशंकित बहन ने दरवाजे के ऊपर लगी जाली से देखा तो फंदे से लटके शव को देखकर चीख पड़ी। घर में कोहराम मच गया।

पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घरवाले यह नहीं बता पाए कि राहुल ने जान क्यों दी। राहुल का परिवार क्षेत्र के संपन्न परिवारों में गिना जाता है और खुद राहुल ने आनलाइन गेम साइट ड्रीम इलेवन से एक करोड़ रुपये जीते थे। एसओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने भी इस बात की पुष्टि की कि युवक ने बीते साल गेमिंग साइट से भारी धनराशि जीती थी। युवक के एक भाई और दो बहनें हैं।

संबंधित समाचार