रुद्रपुर: राज्य का पहला फीकल स्लज ट्रीटमेट प्लांट जल्द होगा शुरू: एमएनए
रुद्रपुर, अमृत विचार। प्रभारी डीएम और निगम के एमएनए विशाल मिश्रा ने कहा कि रुद्रपुर नगर निगम में प्रदेश का पहला फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट जल्द शुरू होगा। इसके लिए प्लांट स्थल को चिह्नित कर लिया गया है। इसके बाद गंदे कचरे से खाद बनाने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
रविवार को किच्छा बाईपास मार्ग बीएचईएल के समीप चिह्नित प्लांट स्थल का एमएनए विशाल मिश्रा और मेयर रामपाल सिंह ने मौका मुआयना किया और अधीनस्थों को जल्द कार्य शुरू करने का आदेश दिया। बताया कि प्लांट का निर्माण पूरा होने के बाद घरों के सैप्टिक टैंक से निकलने वाले स्लज को प्रोसेस कर खाद तैयार की जाएगी।
मेयर ने बताया कि यह उत्तराखंड का पहला प्लांट है जिसमें सैप्टिक टैंक के स्लज को वैज्ञानिक विधि से प्रोसेस कर खाद तैयार किया जाएगा। फीकल ट्रीटमेंट प्लांट शतप्रतिशत सोलर सिस्टम से संचालित होगा। जहां पर निगम इलाके के सभी भवनों में जमा होने वाले सेप्टेज को डीस्लजिंग वाहन के माध्यम से ले जाकर खाली किया जाएगा।
जिसको प्लांट में तैयार कर खाद बनाई जाएगी। बताया कि प्लांट की क्षमता 125 केएलडी है। जिसके निर्माण के लिए केंद्र सरकार द्वारा 6.89 करोड़ की धनराशि स्वीकृत कर दी है। प्लांट का 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। संभवतः जुलाई में इसे प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस प्लांट के शुरू होने से पर्यावरण संरक्षण में इसका लाभ मिलेगा। प्लांट में वैज्ञानिक विधि से स्लज का निस्तारण होने से शहर को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा तथा भूमिगत जल को भी दूषित होने से बचाया जाएगा।
