हल्द्वानी: जंगलात ने भूमिहीनों को दी जमीन, भूमिहीन जमीन बेचकर भाग गए
भूमिहीन 64 परिवारों को 30 साल की लीज पट्टे पर वर्ष 1978 में दी थी जमीन
वर्ष 2008 में खत्म हुई लीज, पड़ताल में पता लगा कि स्टांप पर बेच दी जमीन
हल्द्वानी, अमृत विचार। वन विभाग ने 45 साल पहले जिन लोगों को भूमिहीन समझ कर अपनी जमीन लीज पट्टे पर दी थी, उन्हीं भूमिहीनों ने सरकारी जमीन को स्टांप पर बेच दिया और भाग गए। 30 साल की लीज खत्म होने पर 45 साल बाद जब वन विभाग ने पड़ताल शुरू की तो जालसाजी की परतें उखड़ गईं। अब इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ काठगोदाम थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रेंजर चंदन अधिकारी ने बताया कि गौलापार कुंवरपुर बीट संख्या 2 आरक्षित वन क्षेत्र बागजाला में वर्ष 1978 में 64 भूमिहीन परिवारों को 30 साल की लीज पर पट्टे दिए गए थे और यह लीज वर्ष 2008 में खत्म हो गए। लीज खत्म होने पर परिवारों को पट्टे रिन्यूवल कराने थे, लेकिन किसी ने नहीं कराए।
शिकायत पर प्रमोद सिंह बिष्ट, डिप्टी रेंजर गौला रेंज द्वारा क्षेत्रिय स्टाफ, श्री डिकर राम, डिप्टी रेंजर श्री मनोज त्रिपाठी वन दरोगा तथा मेरे द्वारा मौके पर जाकर की गयी। गठित टीम द्वारा जांच के दौरान पाया गया कि मौके पर वो लोग ही नहीं हैं, जिनके नाम पट्टे आवंटित किए गए थे। उल्टा सरकारी भूमि का खुर्द-बुर्द कर प्लाटिंग शुरू कर दी है। वन विभाग ने जमीन खुर्द-बुर्द करने और जमीन खरीदने-बेचने वालों के खिलाफ जांच गठित कर दी है।
फिलहाल, अभी तक की पड़ताल में यह सामने आया है कि देवलातल्ला कुंवरपुर निवासी मोहन चन्द्र पुत्र केशव दत्त ने देवलातल्ला पजाया बागजाला गौलापार निवासी रूप राज को पटटे वाली वन भूमि को 500 रुपये स्टाम्प ड्यूटी पर 29 लाख 20 हजार रुपये में बेच दी।
इसी तरह एक जमीन जो जगदीश चन्द्र औ कुन्दन बिष्ट के नाम से है, उसे देवलातल्ला कुंवरपुर निवासी जगदीश और कुन्दन बिष्ट ने देवलातल्ला कुंवरपुर निवासी महेश भट्ट पुत्र केशव दत्त को पट्टे वाली वन भूमि को 100 रुपये स्टाप ड्यूटी पर 19 लाख 86 हजार रुपये में बेच दी।
तीसरे आरोपी गौला बैराज काठगोदाम निवासी रामप्रकाश पुत्र कचेरमल ने देवलातल्ला पजाया बागजाला निवासी इन्तियाज पुत्र सरताज और परवीन पत्नी इन्तियाज 100 रुपये स्टाम्प ड्यूटी पर 22 लाख 25 हजार रुपये में बेच दी।
चौथे आरोपी लाइन नंबर 10 आजादनगर निवासी सलीम पुत्र अख्तर ने काबुल का बगीचा इंद्रानगर निवासी गुलशन पुत्री इरफान को 10 रुपये स्टाम्प ड्यूटी पर 4 लाख रुपये में जमीन बेच दी। फिलहाल, काठगोदाम पुलिस ने वन आरक्षी उर्मिला टम्टा की तहरीर पर जमीन खरीदने-बेचने वाले 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जमीन खरीदने-बेचने वाले इन 10 पर हुई रिपोर्ट
1- रुपराज पुत्र गंगाराम निवासी देवलातल्ला पजाया बागजाला गौलापार
2- मोहन पन्द्र पुत्र केशव दत्त पलदिया निवासी देवलातल्ला कुंवरपुर
3- जगदीश पुत्र शेरीराम निवासी देवलातल्ला पंजाया बागजाला
4- कुन्दन सिंह बिष्ट पुत्र गंगा सिंह निवासी देवलातल्ला पजाया बागजाला
5- महेश भट्ट पुत्र केशव दत्त भट्ट निवासी देवलातल्ला पंजाया बागजाला गौलापार
6- राम प्रकाश पुत्र कचेरमल निवासी गौला बैराज काठगोदाम
7- इन्तियाज पुत्र सरताज निवासी देवलातल्ला पंजाया बागजाला गौलापार
8- परवीन पत्नी इन्तियाज निवासी देवलातल्ला पजाया बागजाला
9- सलीम पुत्र अखतर निवासी लाइन नंबर 10 आजाद नगर
10- गुलशन पुत्री इरफान निवासी काबुल का बगीचा इन्द्रानगर
