नैनीताल में जोड़ते ही फिर टूटी पेयजल लाइन, लोगों में गुस्सा
नैनीताल, अमृत विचार। बीते गुरुवार को नगर के डीएसए मैदान में जेसीबी की खुदाई के दौरान पेयजय लाइन क्षतिग्रस्त हो गयी थी। जिसके बाद से नगर के आधे इलाके में पीने की पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। जिसके चलते लोगों को प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी लाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं पानी नहीं होने से अधिकांश होटल खाली पड़े हैं। जिससे कारोबारियों को फजीहत उठानी पड़ रही है। नाराज लोगों ने रविवार को मल्लीताल रिक्शा स्टेंड पर धरना देकर आक्रोश जताया।
इधर डीएम वंदना सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए विभाग को जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए थे। शनिवार रात तक तीनों लाइनों को जोड़ कर जैसे ही पानी की आपूर्त सुचारू की गई तो पानी के फोर्स से रविवार को एक बार फिर से लाइन टूट गयी। जिसके चलते अब रविवार को भी सात नंबर,मल्होत्रा कंपाउंड,हनुमान मंदिर,स्टाफ हाउस,राजपुरा,चार्टनलॉज,स्टोनले,बिरला सहित दर्जनों क्षेत्रो के करीब 15 हजार लोगों को पीने के पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है।
बीते चार दिनों से पानी की भारी किल्लत के चलते लोगों को कई किलोमीटर दूर प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढ़ोने पर मजबूर होना पड़ा। वही सीजन के दौरान बीते चार दिनों से पानी की आपूर्ति ठप होने से कई होटलों में पानी ना होने के कारण होटलों के कमरे भी ख़ाली पड़े है।
पालिकाध्यक्ष सहित सैकड़ों लोगों ने धरना देकर जताया आक्रोश
नैनीताल। बीते चार दिनों से आधे नैनीताल में पानी की आपूर्ति नहीं होने से परेशान लोग रविवार को मल्लीताल रिक्शा स्टैंड चौराहे पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सचिन नेगी व होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट सहित सैकड़ों की संख्या में लोग बीच सड़क में धरने पर बैठ गए। जिसके चलते सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
पालिका अध्यक्ष सचिन नेगी ने कहा है कि बीते चार दिनों से लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं लेकिन संबंधित विभाग इस पर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है।जिसके बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम ने धरना दे रहे लोगों को आश्वासन दिया कि सोमवार सुबह तक पानी की आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी। तब तक टैंकरों के माध्यम से पानी पंहुचाया जाएगा, तब जाकर धरने पर बैठे लोग माने।
वहीं पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी ने कहा कि अगर सोमवार सुबह तक पानी की आपूर्ति नहीं की गई तो वे लोग फिर से सड़क पर धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। जिसके बाद पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी स्वयं पानी के टैंकर के साथ अलग-अलग क्षेत्रो में पहुंचे। इस दौरान वेद साह, चरनजीत सिंह, संजय कुमार, सिद्धार्थ टंडन, विनोद, संजय कुमार, भूपेंद्र सिंह रौतेला, मनोज सनवाल, विनीता, प्रकाश चंद आदि मौजूद रहे।
