मुरादाबाद : नो-एंट्री में भारी वाहनों की बेधड़क एंट्री, पुलिस खोजती हेलमेट
असर न ट्रैफिक सिग्नल का और न ही पुलिस का, प्रतिबंध के बावजूद शहर के मार्गों पर दौड़ते हैं भारी वाहन
हनुमान मूर्ति चौराहे से नो एंट्री में गुजरते वाहन।
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर के नो-इंट्री वाले मार्गों पर ट्रक, डीसीएम व अन्य भारी वाहनों का बिना किसी बंदिश के धड़ल्ले से प्रवेश हो रहा है। उनके लिए यातायात नियम के अनुपालन के लिए कोई बाध्यता नहीं है। जी हां, ट्रैफिक सिग्नल और चौराहों खड़ी सफेद वर्दीधारी पुलिस का भी प्रभाव इन भारी वाहन चालकों पर नहीं पड़ता है। ये पुलिसकर्मी दिनभर बिना हेलमेट या एचएसआरपी (हाई सिक्योरिट रजिस्ट्रेशन प्लेट) वाले बाइक सवारों पर नजर लगाए रखते हैं।
सुबह से शाम और रात, अर्थात 24 घंटे उनकी शहर के मार्गों पर एंट्री रहती है। इन भारी लोडेड वाहनों के कारण ही शहर में सड़क दुर्घटनाएं हाेती हैं। इधर, पिछले ढाई-तीन महीने के अंतराल में ही ट्रकों के कुचल देने से दो महिलाओं व बच्चों समेत कुमार चार की मौत हो गई। कई घायल भी हुए हैं। लेकिन, पुलिस इन वाहनों को नो-एंट्री में आने से क्यों नहीं रोकती, ये अहम सवाल है।
बड़ी बात ये भी है कि मुरादाबाद मंडल मुख्यालय है, यहीं पर डीएम, एसपी-एसएसपी से लेकर डीआईजी-कमिश्नर तक के अधिकारी रहते हैं। ऐसा नहीं कि इन लोगों को शहर के अंदर सफर में नो-एंट्री में भारी वाहन आते-जाते नजर न आते हों लेकिन, फिर भी ऐसे वाहनों के सफर को नो-एंट्री में रोका नहीं जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कोहिनूर तिराहे से आरटीओ कार्यालय वाले मार्ग के बीच में हनुमान मूर्ति तिराहे पर सर्वाधिक लोडेड ट्रक-डीसीएम गुजरते हैं।
नो-एंट्री वाले मार्ग
- अगवानपुर पुल से हरथला, पीली कोठी, रेलवे स्टेशन रोड, रोडवेज बस अड्डा, हनुमान मूर्ति तिराहा, पंडित नगला बाईपास, कोहिनूर तिराहा वाले मार्ग नो एंट्री जाेन में हैं।
- महाराणा प्रताप चौक से लोकोसेट, चौधरी चरण सिंह चौक, सर्किट हाउस, दिल्ली वाली लाकड़ी फाजलपुर तिराहा वाला मार्ग।
अब इनकी सुनिए...
प्रभारी निरीक्षक यातायात पवन त्यागी ने कहा, नो-एंट्री में भारी वाहन ट्रक-डीसीएम कहां चलते हैं बताएं, कार्रवाई करेंगे। कहा, रेलवे माल गोदाम के ट्रकों को रात 10 बजे से सुबह 6.30 बजे तक नो-एंट्री से छूट दी गई है। वैसे नो-एंट्री रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक तय है। प्रभारी निरीक्षक यातायात ने यह भी कहा कि फील्ड के कार्य में व्यावहारिक रूप से दिक्कतें हैं।
महानगर में ट्रकों ने ली हैं कई जान
- कांठ रोड पर अकबर का किला के पास ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला और उसकी नातिन की मौत हो गई थी।
- हनुमान मूर्ति तिराहा पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर मौत, चालक देवर घायल हो गया उसकी एक टांग कट गई।
- डीआरएम कार्यालय की तरफ से आ रहे ट्रक ने पीली कोठी चौराहे पर छात्र को रौंद दिया था।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : 2500 लाइसेंस, 10,000 से अधिक ई-रिक्शा...बीमा न ही फिटनेस और चालक भी अप्रशिक्षित
