हल्द्वानी: बिजली घर के प्रस्ताव पर नहीं लग सकी मोहर
हल्द्वानी, अमृत विचार। बिजली विभाग की ओर से हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में 4 नए बिजली घर निर्माण करने की योजना थी। जिसके लिए ऊर्जा निगम ने शासन के पास पिछले वर्ष अक्टूबर माह में ही प्रस्ताव भी भेज दिया था। लेकिन कई माह बीत जाने बाद भी शासन से अभी तक बिजली घरों के प्रस्ताव पर मोहर नहीं लग पाई है। जिसके चलते बिजली घरों के निर्माण का कार्य लटका हुआ है।
गर्मियों के सीजन में बिजली की खपत भी अधिक बढ़ जाती है। जिसके चलते हल्द्वानी सहित आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा जाती है। लोगों के सामने लो वोल्टेज की समस्या खड़ी हो जाती है। गर्मी के साथ ही सर्दियों में भी बिजली की समस्या बनी रहती है।
इसी के मद्देनजर ऊर्जा निगम ने हल्द्वानी व लालकुआं इलाके में 4 नए बिजली घर निर्माण की योजना तैयार कर शासन के पास रिपोर्ट भेजी थी। लेकिन 10 माह बीत जाने के बाद देहरादून में प्रस्ताव ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। ऊर्जा निगम के मुताबिक आरटीओ रोड पर रेशम विभाग की भूमि, आइटीआई रोड डहरिया, जयपुर पलड़ी फतेहपुर और मोतीनगर में नए बिजली घर प्रस्तावित हैं।
वर्तमान समय में हल्द्वानी के इन्हीं इलाकों में लगातार निर्माण हो रहे हैं। ऐसे में मौजूदा बिजली घरों एवं ट्रांसफार्मरों में दबाव कम करने के लिए संबंधित क्षेत्रों में बिजली घर निर्माण की योजना तैयार की गई। भूमि चयन प्रक्रिया होने के बाद पिछले वर्ष अक्टूबर माह में प्रस्ताव तैयार कर भेजे गए थे। लेकिन अभी तक कार्य लंबित पड़ा हुआ है। वहीं इलाके की आबादी लगातार वृद्धि हो रही है। जल्द ही बिजली घरों की संस्तुति नहीं मिली तो बिजली की आपूर्ति पर भी प्रभाव पड़ना तय है। इधर ईई डीडी पांगती ने बताया कि शासन के पास प्रस्ताव तैयार कर रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। शासन से संस्तुति मिलेती ही आगे का कार्य पूरा किया जाएगा।
साल दर साल बढ़े बिजली उपभोक्ता
हल्द्वानी में साल दर साल बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में इजाफा देखा गया है। बिजली विभाग के मुताबिक साल 2020-21 में 1.36 लाख उपभोक्ता थे जो 2021-22 में बढ़कर 1.46 लाख तक उपभोक्ताओं की संख्या पहुंच चुकी है। ऐसे में बिजली उपभोक्ताओं के सामने लो वोल्टेज की समस्या बनी रहेगी।
