रुद्रपुर: आरसी कटने के भय से नगर निगम के चक्कर काट रहे हाउस टैक्स धारक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अब तक 50 लोगों की कट चुकी है आरसी

अप्रैल से अब तक 1000 टैक्स धारकों को भेजा जा चुका है नोटिस

रुद्रपुर, अमृत विचार। पिछले वित्तीय वर्ष में हाउस टैक्स जमा नहीं करने वालों को नोटिस के साथ ही आरसी काटने की कार्रवाई की जा रही थी। आरसी कटने के भय से टैक्स जमा नहीं करने वाले नगर निगम के चक्कर काटने लगे हैं। साथ ही अपना टैक्स जमा करने में लगे हुए हैं। इस बीच लोगों ने करीब 45 लाख रुपये का हाउस टैक्स भी जमा कर दिया है।

नगर निगम के तहत करीब 23000 हाउस टैक्स धारक हैं। इनसे निगम प्रतिवर्ष हाउस टैक्स की वसूली करता है। पिछले वित्तीय वर्ष में निगम 70 फीसदी लोगों से ही हाउस टैक्स की वसूली कर पाया है, जबकि 30 फीसदी लोगों ने अभी तक हाउस टैक्स जमा नहीं किया है। इसका कारण कई लोग भूमि विवाद के चलते हाउस टैक्स जमा नहीं करते हैं।

निगम ने अब ऐसे लोगों को नोटिस भेजने शुरू कर दिय हैं। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अप्रैल माह से लेकर अब तक 1000 हाउस टैक्स धारकों को नोटिस भेजे गये हैं, जबकि 50 लोगों की आरसी काटी गयी है। निगम के अधिकारियों के अनुसार आरसी कटने के भय से कई लोग निगम के चक्कर काट रहे हैं और टैक्स जमा कर रहे हैं। अब तक निगम लक्ष्य 4 करोड़ 70 लाख रुपये के सापेक्ष 94 लाख रुपये का हाउस टैक्स जमा कर चुका है।
 
नोटिस भेजने और आरसी कटने के बाद कई टैक्स धारक नगर निगम के चक्कर काट रहे हैं और टैक्स जमा कर रहे हैं। इसके अलावा वार्डों में लगाए जा रहे शिविरों में टैक्स धारक टैक्स जमा कर रहे हैं। अब तक निगम लक्ष्य के सापेक्ष 94 लाख रुपये का टैक्स जमा कर चुका है।
- लता आर्या, कर अधीक्षक, नगर निगम

 

संबंधित समाचार