बागेश्वरः मंत्री के आदेश की उड़ीं धज्जियां, समय पर नहीं मिली नदीगांव में सड़क व पानी की सुविधा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। प्रदेश के लोनिवि व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के आदेश के बाद भी गोमती पुल से नदीगांव होते हुए कभड़भ्योल मोटर मार्ग के निर्माण के लिए धनराशि अवमुक्त नहीं की गई। मंत्री ने नदीगांव में प्रतिदिन दो घंटे पानी देने के आदेश दिए थे लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 

विगत माह बागेश्वर भ्रमण के दौरान पर्यटन व लोनिवि मंत्री के समक्ष नदीगांव के बाड़ीखालसा क्षेत्र के लोगों ने उन्हें अवगत कराया कि सिंचाई विभाग द्वारा गोमती पुल से नदी किनारे से कभड़भ्योल तक सड़क मार्ग का निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया था बाद में इसे दयांगण बाईपास मोटर मार्ग में मिलाने की बात चली। इस दौरान कई सालों से मार्ग अधूरा पड़ा होने की बात कही गई। जिस पर मंत्री सतपाल महाराज ने जिलाधिकारी व लोनिवि के अधिकारियों को सड़क निर्माण के आदेश दिए। 

नागरिकों ने क्षेत्र में पानी की शिकायत भी की थी जिस पर कैबिनेट मंत्री ने दो घंटे पानी की आपूर्ति करने के आदेश पेयजल विभाग को दिए थे लेकिन ना तो सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो सका और ना ही दो घंटे पानी मिल रहा है। उन्होंने इस संबंध में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री को ज्ञापन भेजकर मोटर मार्ग का निर्माण कराने हेतु शीघ्र धनराशि अवमुक्त कराने की मांग की है।

मोटर मार्ग का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। शासन से धनराशि स्वीकृति के लिए पत्र लिखा है। धनराशि अवमुक्त होते ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा। पानी की दिक्कत जनपद में है जिसे दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं- अनुराधा पाल, जिलाधिकारी। 

संबंधित समाचार