रुद्रपुर: ऑटो की टक्कर से घायल हुई महिला, उपचार के दौरान दम तोड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रविवार को सड़क पार करते समय टेंपो की चपेट में आने से हो गई थी घायल 

बिना सूचना के संस्कार करने पर पहुंची पुलिस, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

रुद्रपुर, अमृत विचार। सड़क पार कर रही एक महिला को टेंपो ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को परिजन जिला अस्पताल ले गए। जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि बरेली में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, पुलिस को बिना सूचना दिए बगैर परिवार के लोग उसका संस्कार कराने पहुंचे। जिसे पुलिस ने रोक दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मूलरूप से किच्छा व हाल निवासी रंपुरा की रहने वाली 29 वर्षीय गीता रविवार की देर शाम को किच्छा मार्ग को पार कर रही थी कि अचानक पीछे से एक टेंपो ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह छिटककर सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि सोमवार को उपचार के दौरान उसका निधन हो गया और परिवार के लोग शव को रुद्रपुर लेकर आए और बिना पुलिस को सूचना दिए बगैर ही उसका दाह संस्कार करने के लिए श्मशान घाट पहुंच गए। सूचना मिलते ही रंपुरा चौकी प्रभारी अर्जुन गिरि मौके पर पहुंचे और दाह संस्कार की कार्रवाई को गैरकानूनी बताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

संबंधित समाचार