हरिद्वार: जिस स्कूल में पढ़ा, उसी की दीवार तोड़कर की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कनखल में प्राइमरी स्कूल में चोरी का खुलासा, 2 नशेड़ी दबोचे

हरिद्वार, अमृत विचार। एक युवक ने नशे की लत को पूरी करने के लिए उसी स्कूल को निशाना बना डाला, जिसमें वह शिक्षा ग्रहण कर चुका था। पुलिस ने आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।

थानाध्यक्ष, कनखल, नितेश शर्मा ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय, जियापोता के प्रधानाध्यापक परमवीर सिंह ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध स्कूल की दीवार तोड़कर राशन, बर्तन सहित स्कूल का काफी सामान चोरी करने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस के लिए सिरदर्द बनी इस चोरी का खुलासा तब हुआ, जब दोनों आरोपी चोरी किए गए सामान में से चावल बेचने की फिराक में गांव-गांव घूम रहे थे। स्कूल से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं। काफी समय पूर्व भी इस स्कूल में चोरी व चोरी का प्रयास हुआ था जिस कारण इस चोरी के खुलासे के लिए पुलिस पर काफी दबाव था।

कनखल पुलिस ने दोनों आरोपियों नौशाद पुत्र दिलशाद और सूरज पुत्र पूरण निवासी ग्राम जीयापोता, कनखल को गिरफ्तार कर 2 कट्टे चावल, लोहे के झूले, मिड-डे मील के बर्तन, 20 किलो सरिया आदि बरामद कर लिया। एसओ के अनुसार, नौशाद कक्षा दो तक इसी स्कूल में पढ़ा था। स्कूल के आने-जाने, खुलने-बंद होने के समय के बारे में अच्छी जानकारी रखता था। नौशाद ने 2 साल पहले भी इसी स्कूल में चोरी की थी। उसके बाद भी चोरी के प्रयास किए, पर सफल नहीं रहा था।

 

संबंधित समाचार