बागेश्वरः मानसून बरसात व तूफान का सिलसिला जारी, देवतोली में नहीं हुई लापिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बागेश्वर, अमृत विचार। जनपद में मानसून व तूफान का सिलसिला जारी है। विदयुत विभाग द्वारा गांवों में लापिंग तक नहीं की है। तीन सप्ताह पूर्व अधिशासी अभियंता ने दावा किया था कि शीघ्र लापिंग के आदेश दिए हैं तथा कार्य करा दिया जाएगा। परंतु अब तक देवतोली में तार पेड़ों से टकरा रहे हैं। जनपद की सीमा पर बसे गांव देवतोली कमेड़ीदेवी में लंबे समय से तार झूल रहे हैं व कई पेड़ों से टकरा रहे हैं। 

ग्रामीण प्रभा पाठक, गणेश पाठक, नवीन चंद्र, प्रकाश चंद्र, हेम चंद्र, गणेश दत्त ने बताया कि गांव में कई सालों से विदयुत विभाग ने लापिंग नहीं की है। जिससे कई घरों के उपर से तार झूलते हुए निकल रहे हैं हवा चलने पर तार आपस में टकराते हैं कई बार तार टकराने से विदयुत आपूर्ति ठप हो जाती है व कई परिवारों को अंधकार में रहना होता है। इसके अलावा कई स्थानों में पेड़ों के बीच से तार गुजर रहे हैं जिससे करंट का खतरा रहता है। 

ग्रामीणों ने लगभग तीन माह पूर्व इस संबंध में विदयुत विभाग के अधिशासी अभियंता से शिकायत की। इसके बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिस पर उन्होंने मीडिया का सहारा लिया। मीडिया से बातचीत पर अधिशासी अभियंता ने इस संबंध में बयान जारी किया था कि ठेकेदार को इस संबंध में आदेश दिए गए हैं। 

शीघ्र लापिंग करके झूलते तारों को कस दिया जाएगा। जिसके बाद भी अब तक विभाग ने तारों को कसा नहीं है तथा न ही लापिंग की है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कहते हैं कि जो समस्या ग्राम स्तर की है वह जिले पर नहीं पहुंचनी चाहिए तथा जो जिले की है वह प्रदेश स्तर पर नहीं पहुंचनी चाहिए इसके बाद भी उनके अधिकारी व कर्मचारी ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें- रानीखेतः गुलदार ने महिला पर किया हमला, पूर्व में कई मवेशियों को बना चुका है निवाला

संबंधित समाचार