मुरादाबाद : तीन माह का सत्र बीता, 68,060 बच्चों के बस्ते में नहीं हैं पूरी किताबें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सब पढ़ें, सब बढ़ें पर सवाल, बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ी, पुस्तकों के वितरण में सुस्ती, 2,32,892 में से सिर्फ 1,64,832 छात्र-छात्राओं को ही मिली हैं निशुल्क सभी किताबें

मुरादाबाद, अमृत विचार। सर्वशिक्षा अभियान के तहत जिले में सब पढ़ें, सब बढ़ें का संदेश कागजी साबित हो रहा है। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं में से 68,060 के पास अभी भी सभी किताबें नहीं हैं। लेकिन तीन जुलाई से स्कूल खुलेंगे। ऐसे में बच्चों के बस्ते जब किताबों से खाली हैं तो उनकी पढ़ाई का स्तर सुधारने की बात बेमानी है।

जिले में बेसिक शिक्षा परिषद के 1408 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय हैं। सत्र 2023-24 में नामांकन बढ़ाने के लिए अभी भी प्रवेश लिया जा रहा है। लेकिन शिक्षा के लिए सबसे जरूरी किताबें ही सरकारी स्कूल के छात्र-छात्राओं को समय से नहीं मिलीं। अप्रैल से लेकर जून तक 68,060 छात्र छात्राओं के पास पूरी किताबें नहीं हैं। इससे उन्हें पढ़ाई में कठिनाई हो रही है। अभिभावक भी इसको लेकर शिक्षकों के पास पहुंचते हैं, लेकिन अभी विभाग स्तर पर किताबें न मिलने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। ऐसे में जब तीन जुलाई को ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल फिर खुलेंगे तो किताबों से वंचित बच्चों को असुविधा होगी।

जिला बेसिक शिक्षाधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह का कहना है कि कक्षा 1-3 तक के छात्र छात्राओं की वर्कबुक अभी नहीं आई है। अन्य बच्चों के लिए किताबें आई थीं, उन्हें खंड शिक्षाधिकारी कार्यालयों के माध्यम से वितरित कराया जा चुका है। जैसे ही किताबें आएंगी उन्हें स्कूलों में भेज दिया जाएगा।

निशुल्क यूनीफॉर्म, जूता-मोजा, स्वेटर का भी पैसा नहीं मिला
वर्तमान सत्र में सभी छात्र छात्राओं को अब तक निशुल्क यूनीफार्म, जूता-मोजा, स्वेटर के लिए सरकार की ओर से 1100 रुपये नहीं दिए गए हैं। डीबीटी के माध्यम से आधार कार्ड से लिंक अभिभावकों के बैंक खाते में यह धनराशि भेजी जाती है। इससे वह अपने बच्चों के लिए यूनीफार्म खरीदते हैं। लेकिन अभी तक छात्र पुरानी यूनीफार्म में ही स्कूल आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : शादीशुदा महिला से इश्क में गंवाई जान, रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचा प्रेमी...परिजनों ने जमकर पीटा

संबंधित समाचार