देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 37 लाख के पार, आठ लाख से अधिक सक्रिय मामले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश में मंगलवार देर रात तक कोरोना वायरस संक्रमण के करीब 70 हजार नए मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 37 लाख के पार 37.57 लाख से अधिक हो गया जबकि 967 कोरोना मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 66,000 से अधिक हो गई। वायरस के बढ़ते कहर के बीच राहत …

नई दिल्ली। देश में मंगलवार देर रात तक कोरोना वायरस संक्रमण के करीब 70 हजार नए मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 37 लाख के पार 37.57 लाख से अधिक हो गया जबकि 967 कोरोना मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 66,000 से अधिक हो गई।

वायरस के बढ़ते कहर के बीच राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या में भी वृद्धि जारी है और मंगलवार को फिर से रिकवरी दर में आंशिक सुधार दर्ज किया गया। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार देर रात तक 69,847 नए मामले सामने आने से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 37,57,787 तथा मृतकों की संख्या 66,400 हो गयी है।

चिंता की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की तुलना में नए संक्रमितों में वृद्धि जारी है जिसके कारण सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मंगलवार को 14,458 मरीज बढ़ने से सक्रिय मामले बढ़कर आठ लाख के पार 8,00,454 पहुंच गए। इस दौरान 52,967 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों का आंकड़ा 28,90,344 पर पहुंच गया।

देश में सक्रिय मामले 21.30 प्रतिशत और रोगमुक्त होने वालों की दर 76.91 प्रतिशत है जबकि मृतकों की दर 1.76 प्रतिशत है। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गत दिवस के 76.70 प्रतिशत से सुधरकर मंगलवार को 76.91 फीसदी पर पहुंच गई। राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 15,765 नए मामले सामने आए। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 10,368, कर्नाटक में 9058, तमिलनाडु में 5928, उत्तर प्रदेश में 5343, ओडिशा में 3025, पश्चिम बंगाल में 2943, दिल्ली में 2312, बिहार में 1928, हरियाणा में 1694, मध्य प्रदेश में 1525, पंजाब में 1516 तथा केरल में 1140 नये मामले सामने आए।

महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 15,765 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या मंगलवार रात बढ़कर 8,08,306 पहुंच गई। राज्य में इस दौरान नए मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों में भी गिरावट दर्ज की गई और इस दौरान 10,978 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 5,84,537 पहुंच गई है।

इस दौरान 320 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 24,903 हो गई है। राज्य में अब तक स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 5,84,537 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज 72.31 प्रतिशत पहुंच गयी जबकि मरीजों की मृत्यु दर 3.08 फीसदी रह गयी। चिंता की बात यह है कि राज्य में आज 4,467 संक्रमितों की बढ़ोतरी दर्ज की गयी। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1,98,523 पहुंच गई, जो सोमवार को 1,94,056 रही थी।

संबंधित समाचार