Chitrakoot News: संदिग्धावस्था में वृद्ध की मौत, बेटे का पत्नी-सास पर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में संदिग्धावस्था में वृद्ध की मौत।

चित्रकूट में संदिग्धावस्था में वृद्ध की मौत हो गई। बेटे का पत्नी-सास पर आरोप है। आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

चित्रकूट, अमृत विचार। संदिग्ध अवस्था में एक वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध के पुत्र ने अपनी पत्नी और सास पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर चौकी अंतर्गत जयपुरिया भवन के पास रहने वाले देवी प्रसाद (80) पुत्र बाबूलाल शर्मा की बुधवार की सुबह लगभग तीन बजे संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। देवी प्रसाद अपने बेटे अखिलेश के साथ अपने घर में न रहकर पड़ोस में भाई के घर में रहते थे। कोतवाली प्रभारी गुलाब त्रिपाठी ने बताया कि अखिलेश की पहली पत्नी की मृत्यु के बाद लगभग तीन महीने पहले उसने बांदा में दूसरी शादी की थी।

अखिलेश का आरोप है कि जायदाद हड़पने के लिए पत्नी मोहिनी और उसकी सास सीता उसे और उसके पिता को प्रताड़ित करती थीं, जिस वजह से वह पिता के साथ अपने चाचा के यहां रहता था। बताया कि अखिलेश की तहरीर पर उसकी पत्नी और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।   

कुछ देर के लिए लगाया जाम

वृद्ध की मौत से नाराज बेटे और अन्य परिजनों ने कुछ देर तक सीतापुर मार्ग पर जाम लगाया। इनका कहना था कि मां-बेटी पर हत्या का मामला दर्ज किया जाए। चौकी प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि उनको समझाया गया कि जब वृद्ध की मौत दूसरे घर में हुई है तो ऐसे में इन पर हत्या का मामला कैसे दर्ज किया जा सकता है। विवेचना की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस पर ये लोग मान गए। इस दौरान लगभग दस मिनट तक आवागमन अवरुद्ध रहा।

 

संबंधित समाचार