प्रयागराज : अतीक की कब्जाई जमीन पर तैयार 76 फ्लैट्स की चाबियां लाभार्थियों को देंगे CM योगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लूकरगंज स्थित मैदान में आयोजित जनसभा को करेंगे संबोधित

प्रयागराज, अमृत विचार। अतीक अहमद के कब्जे  से मुक्त कराई गई जमीन पर तैयार किए गए 76 फ्लैट्स को शुक्रवार को  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गरीब आवंटियों को चाबी सौंपेंगे। 11 बजे से लूकरगंज में शुरू होने वाले कार्यक्रम के बाद सीएम लूकरगंज स्थित मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। सीएम के आने से पूर्व सारे सुरक्षा के इंतजाम कर दिये गये है।
    
सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस जमीन पर फ्लैट्स के निर्माण की घोषणा 2021 में किया था। दिसंबर 2021 में योगी आदित्यनाथ भूमि पूजन करने आए प्रयागराज आए थे। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने महज डेढ़ साल में इन 76 फ्लैट्स को तैयार कर लाभार्थियों को लॉटरी के माध्यम से आवंटन भी कर दिया है।

इन फ्लैट्स को भगवा कलर में रंगा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब साढ़े 10 बजे प्रयागराज हवाई मार्ग से पहुंचेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस जाएंगे। साढ़े 11 बजे लूकरगंज में आयोजित कार्यक्रम में चयनित 76 लाभार्थियों को फ्लैट्स की चाबी सौंपेंगे। पीडीए ने पिछले दिनों ड्रॉ कूपन के जरिए लकी विनर के नाम घोषित किए थे। लूकरगंज में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से खाली कराई गई जमीन पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) द्वारा बनाए गए फ्लैट्स भगवा रंग में हैं। 

प्रयागराज विकास प्राधिकरण की तरफ से 1731 वर्गमीटर में तैयार किए गए 76 फ्लैटों के लिए कुल 6071 लोगों ने आवेदन किया था। पीडीए वीसी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि फ्लैट के निर्माण का कार्य करीब डेढ़ साल में पूरा कर लिया गया है। एक फ्लैट के लिए 80 गरीबों ने आवेदन किया है। पात्रों को लकी ड्रॉ के माध्यम से फ्लैट्स आवंटित किए जा चुके हैं।

फ्लैटों के आवंटन के लिए पिछले साल 30 जून से 31 जुलाई तक आवेदन लिए गए थे। इसके लिए 150 रुपये पंजीकरण शुल्क और 5000 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया था। 76 फ्लैट के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वालों की संख्या 6071 पर पहुंच गई थी। लूकरगंज में एक बिल्डिंग तीन मंजिला है। इसमें प्रत्येक फ्लैट का कवर एरिया 22.77 वर्गमीटर है। योजना के अंतर्गत फ्लैट के लिए आवंटी को कुल साढ़े तीन लाख रुपये पीडीए को भुगतान करने होंगे। इसमें 45 हजार रुपए आवंटन के समय और शेष बचे तीन लाख रुपए छह माह की किस्त में देनी होगी।

ये भी पढ़ें -केजीएमयू तीमारदार को लौटाएगा 10 के बदले 18 हजार, महिला का शव देने के बदले हुई थी वसूली

संबंधित समाचार