अल्मोड़ाः दुग्ध उत्पादकों ने संघ की प्रबंधन समिति की बहाली का किया विरोध
अल्मोड़ा, अमृत विचार। दुधोली दुग्ध समिति में दुग्ध उत्पादकों ने बैठक कर प्रबंधन समिति की बहाली पर आक्रोश जताया। उन्होंने कहा कि वित्तीय अनियमितता में निलंबित प्रबंधन समिति को निबंधक स्तर से फिर से बहाल कर दिया गया जो गलत है। उन्होंने दुग्ध विकास कोष से सहायता राशि भी देने की मांग की।
यहां हुई बैठक में दुग्ध उत्पादकों ने कहा कि प्रबंधन समिति ने उत्पादकों के हितों की अनदेखी कर वित्तीय अनियमितता की है। इसके बावजूद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के बजाय इसे बहाल कर दिया गया। इस दौरान उन्होंने लंपी बीमारी को दैवी आपदा घोषित कर प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि बीमारी नहीं रुक सकी है। इससे कई पशुओं की मौत हो रही है।
किसानों को इसका नुकसान झेलना पड़ रहा है। दुग्ध उत्पादन घटने से उत्पादकों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने पशु विकास कोष से मिलने वाली सहायता राशि को बंद करने पर भी आक्रोश जताया। उन्होंने आंदोलन की भी चेतावनी दी। बैठक में दुग्ध विकास संगठन के अध्यक्ष आनंद सिंह बिष्ट, ब्रहमानंद डालाकोटी, शिवराज बनौला, डूंगर सिंह भंडारी, महेंद्र प्रताप सिंह, नीमा बाजनी, कमला देवी, पुष्पा नेगी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- काशीपुरः चंद्रशेखर आजाद मामला- आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की मांग
