हल्द्वानी: महाविद्यालयों में अभी तक नहीं लग पाए डीटीएच
हल्द्वानी, अमृत विचार। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों को डीटीएच (डायरेक्ट टू होम) सुविधा से जोड़ा जाना था, ताकि विद्यार्थी यूजीसी से प्रसारित होने वाले चैनलों को यहां देख पाएं।
खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालयों में डीटीएच लगाए जाने थे। मगर अब तक एक भी महाविद्यालय में डीटीएच नहीं लग पाया है। तत्कालीन उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. जगदीश प्रसाद ने इसकी पहल की थी। उनके रिटायरमेंट के बाद यह प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पाया है।
दरअसल नेटवर्क समस्या के कारण सभी महाविद्यालयों के विद्यार्थी ऑनलाइन कक्षाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। ऐसे में डीटीएच के माध्यम से यूजीसी और अन्य शिक्षाप्रद चैनलों की पहुंच विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने राजकीय महाविद्यालयों में डीटीएच लगाने की रणनीति तैयार की थी, जिस पर फिलहाल काम नहीं हो सका है। निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. सीडी सूंठा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
