रुद्रपुर: युवती को अश्लील फोटो भेजकर ब्लैकमेल करने का आरोपी दबोचा
रुद्रपुर, अमृत विचार। स्पोर्ट्स स्टेडियम कर्मी की बेटी को अश्लील फोटो भेजकर ब्लैकमेल करने के आरोपी को पंतनगर थाना पुलिस ने रामनगर से गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण को लेकर भारतीय हिंदू रक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी हस्तक्षेप किया था। जिसके बाद पुलिस की कार्रवाई ने गति पकड़ी।
बताते चलें कि चौखुटिया क्षेत्र निवासी शिकायतकर्ता का कहना है कि वह अपने पिता के साथ स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर में रहती है। आरोप था कि 18 जून की सुबह तीन बजे उसके मोबाइल पर एक नंबर से वीडियो कॉल आई। मगर, उसने कॉल नहीं उठाई तो अलग-अलग नंबरों से वीडियो कॉल आनी शुरू हो गई।
जब उसने वीडियो कॉल नहीं उठाई तो उसी नंबर पर व्हाट्सएप पर मैसेज डालकर जान से मारने का मैसेज दिया गया। साथ ही धमकी दी कि यदि फोन नहीं उठाया तो अश्लील फोटो व आवाज की रिकॉर्डिंग वायरल कर बदनाम कर देंगे। पीड़िता का कहना था कि युवक द्वारा बार-बार मिल रही धमकी से वह अवसाद से गुजर रही है।
राष्ट्रीय हिंदू रक्षा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मदन सिंह बिष्ट ने मामले की जानकारी होने पर एसएसपी और एसपी सिटी से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। पंतनगर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह डांगी के आदेश पर पुलिस टीम ने इंदिरा कॉलोनी उतरी खताड़ी निवासी पंकज पांडे को रामनगर से गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: रुद्रपुर: कंपनी के ठेकेदार व सुपरवाइजर पर बंधक बनाने का आरोप
