किच्छा: पुलिस को बलात्कार की झूठी सूचना देना दंपति को पड़ा महंगा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आरोपी दंपति का पुलिस एक्ट के तहत हुआ चालान

निर्दोषों को बचाने पर पुलभट्टा पुलिस की हो रही सराहना 

किच्छा, अमृत विचार। पुलभट्टा थाना अंतर्गत क्षेत्र में बाइक सवार दंपती को हाईवे पर रोककर तमंचे की नोक पर महिला के साथ बलात्कार किए जाने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस टीम ने पीड़िता एवं उसके पति के अलग-अलग बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की पूछताछ में बयान देने तथा घटनास्थल का अलग-अलग निरीक्षण करने के दौरान पीड़िता और उसके पति की झूठी साजिश का खुलासा हो गया।

मामला खुलने के बाद पता चला कि महिला ने अपने पति पर दर्ज हुए बलात्कार के मामले में दूसरे पक्ष पर दबाव बनाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराने की साजिश रची थी। पुलिस ने झूठी सूचना देने पर दोनों का चालान करते हुए जमकर फटकार लगाई। पुलिस ने बलात्कार के आरोपी को यूपी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलभट्टा पुलिस की निष्पक्ष जांच एवं सतर्कता के चलते चार निर्दोष जेल जाने से बच गए जिसकी जमकर सराहना हो रही है।

जानकारी के अनुसार ग्राम अधकटा ब्रहमानान, थाना भोजीपुरा, जिला बरेली (यूपी) निवासी विनोद कुमार एवं उसकी पत्नी कविता देवी पुलभट्टा थाना में लिखित शिकायत देते हुए तमंचे की नोक पर पत्नी कविता के साथ बलात्कार किए जाने की शिकायत की।

शिकायत में पीड़िता कविता देवी एवं उसके पति विनोद कुमार ने बताया कि वह 30 जून को बाइक पर किच्छा की तरह आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम अधकटा ब्रहमानान, थाना भोजीपुरा, जिला बरेली निवासी श्रीपाल नाथ ने अपने तीन साथियों के साथ पुलभट्टा फ्लाईओवर के निकट उनकी बाइक को रोक लिया और तमंचे एवं चाकू की नोक पर उसके साथ बलात्कार किया।

तमंचे की नोक पर बलात्कार किए जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। थाना अध्यक्ष भट्ट ने तत्काल कार्यवाही करते हुए पीड़िता कविता देवी एवं उसके पति विनोद कुमार के अलग-अलग बयान दर्ज किए तथा दोनों को अलग-अलग घटनास्थल पर ले जाकर जायजा लिया।

दोनों के बयान और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद थाना अध्यक्ष भट्ट को मामला संदिग्ध नजर आया। जिसके बाद थानाध्यक्ष भट्ट ने पुलिस टीम को आरोपी श्रीपाल नाथ के घर भेज कर आरोपी को थाने बुलवाया और उसके बयान दर्ज किए। विनोद कुमार के चाचा श्रीपाल नाथ ने बताया कि विनोद कुमार के खिलाफ विगत 21 जून को उसकी पत्नी प्रीति के साथ बलात्कार किए जाने को लेकर भोजीपुरा थाने में अभियोग पंजीकृत कराया गया है।

जिसके बाद से बलात्कार का आरोपी विनोद कुमार फरार चल रहा है। इस खुलासे के बाद थानाध्यक्ष भट्ट ने शिकायतकर्ता कविता एवं उसके पति विनोद कुमार से दोबारा सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने सच उगल दिया। विनोद एवं कविता ने पुलिस को बताया कि चाचा श्रीपाल नाथ द्वारा विनोद कुमार के खिलाफ अपनी पत्नी के साथ बलात्कार किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है तथा उक्त मामले में राजीनामा करने तथा चाचा पर दबाव बनाने के उद्देश्य से उन्होंने झूठी रिपोर्ट दर्ज कराने की साजिश रची।

इस पर थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट ने दंपति की जमकर फटकार लगाई और दोनों का पुलिस एक्ट में चालान कर दिया। पुलभट्टा पुलिस ने भोजीपुरा पुलिस से संपर्क करते हुए बलात्कार के आरोपी विनोद कुमार को यूपी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जांच के दौरान थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट के साथ उप निरीक्षक पवन जोशी, पुलिसकर्मी ललित चौधरी, धर्मवीर सिंह एवं महिला कांस्टेबल सीमा मेहता शामिल रहे। 

यह भी पढ़ें: रामनगर: कॉर्बेट के बाद फाटो पर्यटन जोन की आय भी करोड़ो में        
 

 

संबंधित समाचार