आशीष कुमार साहा ने मोदी सरकार पर बोला हमला, कहा- 'देश की संपत्ति का दुरुपयोग किया '

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अगरतला। त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष आशीष कुमार साहा ने रविवार को केंद्र में नरेंद्र मोदी नीत सरकार और राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है और वर्तमान केंद्रीय सरकार पिछले नौ वर्षों में विकास के सभी संकेतकों में विफल रही है। हाल ही में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख का पद संभालने वाले साहा कहा कि भाजपा सरकार ने देश की संपत्ति का दुरुपयोग किया है, जो संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के कार्यकाल (2004-2014) के दौरान बनाई गई थी। 

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार से सवाल पूछने का अधिकार श्री नरेंद्र मोदी और उनकी टीम ने छीन लिया है। जो कोई भी सवाल उठाता है। तुरंत केंद्रीय एजेंसियां , प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) उनके खिलाफ सक्रिय हो जाती हैं। देश के लोग मोदी के अलोकतांत्रिक शासन से तंग आ चुके हैं।'' उन्होंने आरोप लगाया कि टीम मोदी देश में निरंकुश सरकार चला रही है , यहां तक कि राज्य सरकारें और उनकी पार्टी के नेता भी मोदी के हाथों की कठपुतली बन गए हैं। कोई भी व्यक्ति अपनी विचारधारा और विश्वास के साथ तब तक शांति से नहीं रह सकता जब तक कि इसे भाजपा के शीर्ष नेताओं द्वारा अनुमोदित नहीं किया जाता है, जो दम घुटने वाला हो जाता है।'' 

साहा ने पिछले फरवरी में भाजपा से त्याग पत्र दे दिया था। उन्होंने कहा ,“ देश की आम जनता ने मोदी और उनकी टीम की हार सुनिश्चित करने के लिए वर्ष 2024 के आम चुनाव से पहले विपक्षी दलों को भाजपा के खिलाफ एकजुट होने के लिए मजबूर किया है। मुझे यकीन है कि भाजपा धनबल और बाहुबल के बड़े पैमाने पर इस्तेमाल समेत सभी अनैतिक गतिविधियां करने के बावजूद चुनाव हारेगी।'' 

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ लड़ने के लिए अन्य सभी विपक्षी दलों के साथ समन्वय कर रही है। उन्होंने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) (एम) के साथ मौजूदा राजनीतिक संबंधों को बनाए रखने के बारे में आशा व्यक्त की। साहा ने दावा किया कि 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ी संख्या में पार्टी समर्थकों के भाजपा में शामिल होने के बाद कांग्रेस कमजोर हो गई थी। टिपरा मोथा सुप्रीमो प्रद्योत किशोर देबबर्मन ने भी स्वीकार किया कि विधानसभा चुनाव में मोथा की गलतियों के कारण भाजपा को फायदा हुआ और उसे चुनाव जीतने में मदद मिली। साहा ने त्रिपुरा में शांति बहाल करने के लिए सभी विपक्षी दलों से एकजुट होने और भाजपा का मुकाबला करने की अपील की।  

ये भी पढ़ें- Joshimath Crisis: जोशीमठ में भू-धंसाव से फिर सहमे लोग, जमीन में हुए बड़े-बड़े गड्ढे, सरकार के लिये कही ये बात

संबंधित समाचार