संभल : नौकरी का झांसा देकर महिला से हड़पे 30 हजार रुपये, दो माह तक किया दुष्कर्म
नगर पालिका के सफाई कर्मचारी ने 30 हजार लेकर दो माह तक कराया सफाई कर्मचारी का काम, फर्जीवाड़ा खुलने पर महिला को दी जान से मारने की धमकी, रिपोर्ट दर्ज
संभल, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारी ने महिला को सफाई कर्मचारी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 30 हजार रुपये हड़प लिए। आरोपी ने महिला के साथ दो माह तक दुष्कर्म किया। महिला से सफाई कर्मचारी का काम भी कराया। फर्जीवाड़ा खुलने पर महिला ने शिकायत की तो युवक ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर सफाई कर्मचारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली महिला का कहना है कि अप्रैल में हयातनगर निवासी सफाई कर्मचारी मनोज कुमार ने नगर पालिका में सात हजार रुपये महीना वेतन पर सफाई कर्मचारी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसकी एवज में मनोज कुमार ने उससे 30 हजार रुपए ले लिये और पानी की टंकी पर साफ सफाई के लिए उसकी डयूटी भी लगा दी। इसके बाद मनोज कुमार दो महीने तक लगातार उसके साथ दुष्कर्म भी करता रहा।
दो माह बाद भी मानदेय नहीं मिलने पर महिला ने मनोज कुमार से मानदेय दिलाने को कहा। इस पर वह टालमटोल करने लगा। फर्जीवाड़े का अहसास होने पर पीड़िता ने मनोज कुमार से शिकायत की तो वह जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। थाना प्रभारी करम सिंह पाल ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर हयातनगर के मोहल्ला चुंगी निवासी सफाई कर्मचारी मनोज कुमार के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ये भी पढ़ें : संभल : साहब बदमाश नहीं हूं, मजबूरी में खरीदकर लाया हूं राइफल, पत्नी ने जीना दुश्वार कर रखा है
