हल्द्वानी: पुलिस की नई व्यवस्था को झटका, पुराने ढर्रे पर दौड़ेंगे ऑटो और ई-रिक्शा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हाईकोर्ट के आदेश पर गठित कमेटी की बैठक में लिया गया फैसला

सुगम यातायात के लिए बनाई पुलिस की व्यवस्था धरी की धरी रह गई

हल्द्वानी, अमृत विचार। सुगम यातायात के लिए पुलिस-प्रशासन ने एड़ी से चोटी तक का जोर लगा दिया और तब जाकर जाम से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन पुलिस की नई व्यवस्था ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के गले नहीं उतरी। चालक नई व्यवस्था के खिलाफ कोर्ट चले गए। कोर्ट से गठित कमेटी ने रविवार को फैसला लिया कि ऑटो और ई-रिक्शा पुरानी व्यवस्था के तहत ही चलेंगे।

शहरवासियों को जाम की समस्या से निजात मिल सके इसके लिए पुलिस प्रशासन ने बीते दिनों वाहनों के संचालन में कई बदलाव किए थे। पुलिस ने सरगम सिनेमा से ऑटो स्टैंड हटाकर एचएन इंटर कॉलेज और जेल रोड के पास बनाया था। इसके अलावा वर्कशॉप लाइन में बनाए गए स्टैंड को हटाकर नई व्यवस्था लागू की गई थी।

साथ ही ऑटो चालकों के लिए मंगलपड़ाव से ओके होटल और सिंधी तिराहे से हिन्दू धर्मशाला तक जीरो जोन बनाया गया था। पुलिस की सख्ती से यातायात व्यवस्था में तो सुधार हुआ, लेकिन ऑटो चालकों को यह नियम रास नहीं आया।

इससे आए दिन विवाद की स्थिति पैदा होने लगी। समस्या को लेकर ऑटो चालकों ने डीएम से गुहार लगाई। इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर गठित टीम की बैठक हुई। शनिवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व की भांति ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन होगा। एसडीएम मनीष कुमार ने बताया कि बैठक में ऑटो चालकों की दिक्कतों और आम लोगों की समस्याओं पर चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया है।

 
पुलिस-प्रशासन बना रहे नई रणनीति

बैठक में हुए फैसले से ऑटो और ई-रिक्शा चालक खुश हैं, लेकिन इन चालकों की मनमर्जी का खामियाजा शहरवासियों और पर्यटकों को भुगतना पड़ता है। अब बैठक के फैसले के बाद पुलिस-प्रशासन ने नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है।

बताया जा रहा है कि जल्द ही ऑटो और ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारित किए जा सकते हैं। इस व्यवस्था को लागू करने से पहले ऑटो को नए परमिट दिए जाएंगें और उन पर कलर पट्टी चिपकाई जाएगी। ये कलर पट्टी ही ऑटो का रूट निर्धारण के लिए है, ताकि ऑटो किसी और रुट पर न चलें। बताया जा रहा है कि यह सारी कवायद एक हफ्ते के अंदर पूरी कर ली जाएगी। 

यह भी पढ़ें: बाजपुर: वाहन ने शटर तोड़ा, परिवार अंदर फंसा 

 

संबंधित समाचार