मुरादाबाद : आस्था के जल से नहलाए गए भोलेनाथ, हर ओर गूंजा हर हर महादेव
श्रावण महीने के पहले दिन शिवालयों में पहुंचे शिवभक्त, भक्ति भाव से की अपने आराध्य शिवशंकर की पूजा
दिव्य लोक आश्रम स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालु।
मुरादाबाद, अमृत विचार। श्रावण महीने के पहले दिन मंगलवार को मंदिरों पर आस्था जुटी। शिवभक्तों ने हर हर महादेव के जयघोष के बीच महानगर और आसपास के शिवालयों में अपने आराध्य भोलेनाथ का जल व दूध, बेलपत्र, शहर आदि से अभिषेक किया। मंदिर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जुटे।
इस बार श्रावण महीने में पड़ रहे अधिमास के चलते श्रावण 59 दिनों का रहेगा। 10 जुलाई को श्रावण महीने का पहला सोमवार पड़ेगा। चौरासी घंटा, ढाब वाले, झारखंडी, मनोकामना, शिवशक्ति, टीडीआई सिटी स्थित शिवमंदिरों पर सुबह से ही श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए पहुंचने लगे। यह क्रम देर तक चलता रहा। मंदिरों के आसपास फल फूल, चंदन रोली और प्रसाद की दुकानें सज गईं थीं। भक्तों ने फूल माला, अक्षत, बेलपत्र चढ़ाकर अपने आराध्य भोलेनाथ का पूजन किया। सभी ने भोलेनाथ से अपने परिवार की सुख समृद्धि और लोककल्याण का आशीष मांगा।
वहीं श्रावण में कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्ग पर इंतजाम करने में सभी जुट गए हैं। श्रावण महीने में हरिद्वार, बृजघाट आदि से गंगाजल लेकर हजारों की संख्या में कांवड़ यात्री अपने गंतव्य को मुरादाबाद से होकर गुजरते हैं। जिसको देखते हुए हरिद्वार-कांठ, मुरादाबाद और दिल्ली रोड पर जगह-जगह बैरिकेड लगाकर यातायात को नियंत्रित करने में पुलिस कर्मी जुट गए हैं। सुरक्षा के लिए मुख्य मार्ग के थाने-चौकी और कोतवाली पर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है।
पंडित केदार मुरारी का कहना है कि विक्रम संवत 2080 में पड़ने वाले अधिकमास के कारण सावन दो महीने का होगा. जो 59 दिन तक रहेगा. विशेष यह है कि यह संयोग 19 साल बाद बना है। हर तीन साल पर एक अतिरिक्त मास होता है, जो अधिकमास या मलमास कहलाता है। इसे पुरुषोत्तम मास भी कहते हैं।
उन्होंने बताया कि वैदिक पंचांग की गणना सौरमास और चंद्रमास के आधार पर होती है। एक चंद्रमास 354 दिनों का होता है वहीं एक सौरमास 365 दिनों का होता है. इस तरह से इन दोनों में 11 दिन का अंतर आ जाता है। जिससे तीन साल में यह अंतर 33 दिन का हो जाता है। इस बार 10 जुलाई को श्रावण महीने का पहला सोमवार रहेगा।
यह हैं सावन में सोमवार की तिथि
- श्रावण का पहला सोमवार : 10 जुलाई
- दूसरा सोमवार: 17 जुलाई
- तीसरा सोमवार: 24 जुलाई
- चौथा सोमवार: 31 जुलाई
- पांचवा सोमवार: 7 अगस्त
- छठवां सोमवार: 14 अगस्त
- सातवां सोमवार: 21 अगस्त
- आठवां सोमवार: 28 अगस्त
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कांवड़ मेला में लक्सर तक विशेष ट्रेन चलाएगा रेलवे, 5 से 20 जुलाई तक किया जाएगा ट्रेन का संचालन
