बहराइच : नदी में उतरता मिला महिला का शव, पुलिस कर रही जांच  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुर्तिहा/ बहराइच, अमृत विचार। जनपद के गंगापुर गांव से निकली सरयू नहर में बुधवार सुबह एक महिला का शव उतराता दिखा। सभी ने पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंचती, तब तक तेज बहाव में महिला का शव मोतीपुर थाना क्षेत्र में पहुंच गया। मोतीपुर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त हो गई है।

कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत गंगापुर गांव के निकट से सरयू नहर की शाखा निकली है। नहर में बुधवार सुबह ग्रामीणों ने एक महिला का शव उतराता देखा। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के आधे घंटे बाद कोतवाली मुर्तिहा की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। लेकिन तब तक नहर में तेज बहाव होने के चलते महिला का शव बहते हुए भीउरा पुल होते हुए हंसुलिया से जरही पुल के पास पहुंच गई। यहां के लोगों ने सूचना दी। 

प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। मोतीपुर पुलिस ने लोगों की मदद से महिला का शव बाहर निकलवाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की उम्र 30 वर्ष के आसपास है। उन्होंने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। सुजौली थाना क्षेत्र से आए परिवार ने उसकी शिनाख्त चफरिया ओरीपुरवा निवासी नेहा पत्नी प्रदीप के रूप में हुई है। उस परिवार की महिला दो दिन पूर्व नदी में गिर गई थी। मृतक महिला के तीन बच्चे हैं।

ये भी पढ़ें -हरदोई में MP की नाराजगी का Target बने उप जिलाधिकारी, जानिए क्या है मामला

संबंधित समाचार