संभल: स्कूल में झूला गिरने से छह वर्षीय छात्र की मौत, एलकेजी में हुआ था दाखिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव मनोटा में निजी स्कूल की घटना

संभल के मनोटा गांव में स्कूल के इसी झूले के नीचे दबकर हुई मासूम की मौत

संभल/ओबरी, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में संभल-जोया मार्ग पर गांव मनोटा में निजी स्कूल में बच्चों के झूलने के दौरान अचानक झूला गिर गया। झूले के नीचे दबकर पास खड़ा एलकेजी का छात्र घायल हो गया। स्कूल स्टाफ उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना कार्रवाई के शव सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।

गांव मनोटा के एक निजी इंग्लिश मीडियम स्कूल में मंगलवार को मुबारिक अली के बेटे मोहम्मद आहिल (6) का एलकेजी में दाखिला हुआ था। बुधवार को बड़े भाई साहिल के साथ वह स्कूल पहुंचा। सुबह कुछ बच्चे स्कूल परिसर में झूला झूल रहे थे। जबकि पास में ही वह खड़ा था। तभी झूला गिरा तो उसके नीचे आहिल दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चों के शोर मचाने पर स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा। झूला हटाकर उसे निकाला और मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। जहां आहिल ने दम तोड़ दिया। सूचना पर परिजन भी स्कूल पहुंचे। 

आहिल का स्कूल में था दूसरा दिन
संभल। मनोटा गांव निवासी मुबारिक ने बेटे आहिल को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए इंग्लिश मीडियम स्कूल में दाखिला दिलाने का फैसला लिया था। वह बेटे के लिए किताबें-बस्ता लेकर आए थे। आहिल मंगलवार को पहली बार स्कूल गया था। बुधवार को स्कूल में उसका दूसरा दिन था। घर में सभी इस इंतजार में थे कि स्कूल की छुट्टी होने के बाद आहिल घर आएगा। इस बीच आहिल के झूले के नीचे दबने की खबर आई। उसे उपचार के लिए मुरादाबाद ले जाया गया तो घर में उसकी मां व अन्य महिलाएं उसकी जिंदगी के लिए दुआ कर रही थीं। 

ये भी पढ़ें:- संभल: सेवानिवृत्त फौजी के मकान से बंदूक व कारतूस सहित लाखों की चोरी

संबंधित समाचार