संभल: दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक की कार से पुलिस ने उतारा तिरंगा, नोकझोंक
तिमारपुर सीट से विधायक व विधानसभा के मुख्य सचेतक लौट रहे थे बहजोई से, मोहल्ला तिवारी सराय की घटना, डीजीपी तक पहुंचा मामला
संभल, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में पुलिस द्वारा दिल्ली की तिमारपुर सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक एवं विधानसभा के मुख्य सचेतक दिलीप पांडेय की कार से तिरंगा झंडा उतारने को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। तिरंगा के अपमान को लेकर कार्यकर्ताओं की पुलिस नोकझोंक हो गई। मामला एसपी के बाद डीजीपी तक भी पहुंचा। आप सांसद संजय सिंह को भी जानकारी दी गई। करीब आधा घंटा बाद कार पर तिरंगा लगवाया गया। इसके बाद वे दिल्ली रवाना हुए।
विधायक एवं मुख्य सचेतक दिलीप पांडेय, बुराड़ी सीट से विधायक संजीव झा बहजोई में पार्टी कार्यकर्ता के भाई की मौत पर सांत्वना व्यक्त करने गए थे। बुधवार दोपहर दोनों कार्यकर्ताओं के साथ लौटने लगे। जैसे ही मोहल्ला तिवारी सराय पहुंचे तो पुलिस ने उनकी कार रोक ली। पुलिस ने विधायक एवं मुख्य सचेतक दिलीप पांडेय की कार पर लगे तिरंगा झंडे उतार दिया। इसे लेकर आप कार्यकर्ताओं में रोष पनप गया। विधायक संजीव झा ने एसपी चक्रेश मिश्रा से भी फोन पर वार्ता की। उनका कहना था कि विधानसभा के मुख्य सचेतक का दर्जा कैबिनेट मंत्री के दर्जा के समान है।
इसीलिए उनकी कार पर झंडा लगाया जा सकता है। इस बीच आप कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर पुलिस से नोकझोंक की। विधायक संजीव ने इस मामले को डीजीपी तक पहुंचाया और आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह को जानकारी दी। बाद में मुख्य सचेतक की कार पर दोबारा से तिरंगा झंडा लगाया गया। इसके बाद आप विधायक और कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हो गए।
इस मामले में दिल्ली विधानसभा से तिरंगा के अपमान को लेकर नोटिस भेजने की बात कही गई है। इस संबंध में संभल पुलिस से ट्विटर कर अपना बयान जारी किया। कहा कि आप नेताओं की कार राष्ट्रीय ध्वज के साथ जा रही थी। इस संबंध में जनपद में किसी प्रकार के प्रोटोकॉल की सूचना नहीं दी गई थी। पुलिस ने कार रोककर पूछताछ की। इस पर किसी भी प्रकार की जानकारी वाहन चालक ने नहीं दी। जानकारी प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। इसके बाद यह कार मौके से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने आम आदमी पार्टी के विधायकों के साथ ऐसा बर्ताव किया जैसे कि वे कोई अपराधी हो। यूपी पुलिस बताए कि आखिर उसने किस कानून के तहत आम आदमी पार्टी के विधायक व दिल्ली विधानसभा के मुख्य सचेतक की कार रोककर तिरंगा उतारा। इस मनमानी में जो भी पुलिसकर्मी शामिल हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। -आतिर हुसैन, प्रवक्ता आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश
ये भी पढ़ें:- संभल: स्कूल में झूला गिरने से छह वर्षीय छात्र की मौत, एलकेजी में हुआ था दाखिला
