मुरादाबाद: बाइक की टक्कर से गुस्साए सांड ने जींस कारोबारी को मार डाला
मुरादाबाद, अमृत विचार। बाइक की टक्कर लगने के बाद गुस्साए सांड ने जींस कारोबारी पर हमला बोल दिया। हमला उस वक्त हुआ जब जींस कारोबारी अपने दोस्त को आशियाना में छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। गुस्साए सांड ने उसकी पेट पर सींग घुसा दी, जिससे कारोबारी की आंत बाहर आ गई। आसपास के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। बाइक की टक्कर लगने के बाद गुस्साए सांड ने जींस कारोबारी पर हमला बोल दिया। हमला उस वक्त हुआ जब जींस कारोबारी अपने दोस्त को आशियाना में छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। गुस्साए सांड ने उसकी पेट पर सींग घुसा दी, जिससे कारोबारी की आंत बाहर आ गई। आसपास के लोगों ने किसी तरह सांड को भगाने के बाद पुलिस को सूचना दी। वहीं मौके पर पहुंचे परिजनों ने कारोबारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसा मंगलवार की देर रात सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में मिड डाउन क्लब के पास हुआ। टीडीआई सिटी निवासी राजीव कुमार शुक्ला धार्मिक कार्य करते हैं। जबकि उनका बेटा अपार शुक्ला उर्फ भरत जींस का कारोबार करते थे। मंगलवार की रात वह अपने दोस्त को बाइक से छोड़ने के लिए आशियाना आए थे। रात करीब ग्यारह बजे वह अकेले बाइक से घर जा रहे थे।
बताते हैं कि मिड डाउन क्लब के पास अचानक उनकी बाइक गड्ढे में चली गई। जिससे अनियंत्रित हुई बाइक वहां से गुजर रहे सांड से टकरा गई। हादसे में अपार शुक्ला बाइक से गिर गए। मौजूद लोगों के अनुसार टक्कर लगने के बाद गुस्से में सांड ने अपार पर हमला बोल दिया। उसे खड़े होने तक का मौका नहीं मिला। सांड के सींग उसके पेट में घुस गए, जिससे आंत बाहर आ गई। लोगों ने लाठी-डंडे दिखाकर किसी तरह सांड को भगाया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने अपार को कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। इस बीच परिजन भी मौके पर आ गए। आनन-फानन में अपार को दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अपार की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। कोतवाल नवल मारवाह ने बताया कि सांड की सींग घुसने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
