Fatehpur: वेपन हैंडलिंग व स्कवाड ड्रिल में देखा जवानों का जोश, पुलिस कप्तान ने रिजर्व पुलिस लाइन में परेड का लिया जायजा
फतेहपुर में पुलिस कप्तान ने रिजर्व पुलिस लाइन में परेड का लिया जायजा।
फतेहपुर में पुलिस कप्तान ने रिजर्व पुलिस लाइन में परेड का जायजा लिया। वेपन हैंडलिंग व स्कवाड ड्रिल में जवानों का जोश देखा।
फतेहपुर, अमृत विचार। पुलिस कप्तान राजेश कुमार सिंह ने शुक्रवार रिजर्व पुलिस लाइन का हाल जाना। परेड के जरिए जवानों की चुस्ती व फूर्ति से वाकिफ हुए। मेस से लेकर कैंटीन तक की सेवाओं पर नजर दौड़ाई। पीआरवी सेवा का भी मौजूदा परिणाम जाना।
एसपी राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में जवानों की वेपन हैंडलिंग व स्क्वाड ड्रिल करायी गई। लेफ्ट राइट लेफ्ट राइट करते जवानों के जोश का मूल्यांकन करते हुए और बेहतर परिणाम के लिए जोश भरा। महिला आरक्षियों की चुस्ती फुर्ती परेड के दौरान देखते बनी। परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने जवानों के खानपान की सेवाओं का हश्र जाना। इसके लिए वह कैंटीन से लेकर मेस तक पहुंचे।
कैंटीन के कांउटर पर नजर दौड़ाते हुए एक्सपायरी भी देखी। जिस पर सब ठीकठाक मिला। उन्होंने बाद में परिवहन शाखा की खबर ली। पीआरवी के भ्रमण को चेक करते हुए सेवा को और अच्छे से देने की नसीहत दी। इसके अलावा गार्ड कमांडरों की रजिस्टर पेशी के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस लाइन की साफ- सफाई व्यवस्था पर भी निगाहें दौड़ाईं।
