अयोध्या में सरयू के तेज बहाव से कटान शुरू, जद में आये कुछ मकान
पूरा बाजार /अयोध्या, अमृत विचार। सरयू नदी में जलस्तर में वृद्धि के साथ ही बहाव तेज हो गया है। जिससे मडना माझा के बलुइया में खेतों में कटान शुरू हो गई है। कुछ पक्के आवास भी कटान की जद में आ गए हैं।
बाढ़ पीड़ित अपना पक्का मकान छोड़ कर सुरक्षित स्थान पर शरण ले रहे हैं। बलुइया निवासी गुड्डू निषाद ने बताया उनके घर से चंद कदमों की दूरी पर सरयू नदी आ गई है। कहीं घर सामान सहित नदी में ना समा जाए इसलिए पक्के मकान तोड़ कर उसकी ईटे निकाल कर ले जा रहे हैं ताकि दूसरी जगह कुछ काम आ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पक्के मकान उन्हें सरकारी आवास के तौर पर मिले थे जिसमें आराम से जीवन यापन कर रहे थे। अब पुनः खानाबदोश की तरह सुरक्षित स्थान पर शरण लेना पड़ रहा है। मड़ना के प्रधान प्रतिनिधि ओम प्रकाश यादव ने कहा कि कुछ लोगों के खेत धीरे-धीरे नदी में समा रहे हैं उन्होंने कहा कि जो घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर शरण ले रहे हैं उनकी हर संभव सहायता की जा रही है।
यह हैं बाढ़ प्रभावित क्षेत्र
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के मडाडीहा माझा, पूरे चेतन, सलेमपुर, पिपरी संग्राम, बस्ती माझा, पनसैवा नई दुनिया धनी का पुरवा, रामपुर पुवारी, नई दुनिया, लोनियाना, काजीपुर माझा सहित कई गांव बाढ़ की जद में रहते हैं। रामपुर पुवारी माझा के प्रधान रमेश निषाद कहते हैं कि नदी का पानी बढ़ने लगा। पानी से फसलों की कटान का खतरा पूरी तरह बना हुआ है।
ये भी पढ़ें -हरदोई: मंदिर में फेरे के बाद बना रहा धर्मांतरण का दबाव, विरोध में आए हिन्दू संगठन, पुलिस पर लगा यह आरोप
