एक्टर नसीरुद्दीन शाह ने अलीगढ़ प्रशासन से 53 साल बाद मांगा ये सर्टिफिकेट, किया आवेदन
अलीगढ़, अमृत विचार। एक्टर नसीरुद्दीन शाह का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। ऐसा माना जाता है कि पहचान के जरिये कई काम आसान हो जाते हैं। लेकिन अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का एक काम ऐसा है जो अलीगढ़ नगर निगम के लिए बेहद पेचीदा साबित होने वाला है। दरअसल अभिनेता ने अपनी सबसे बड़ी बेटी हिबा नसीरुद्दीन शाह के जन्म का प्रमाणपत्र लेने के लिए आवेदन किया है, जिसका जन्म वर्ष 1970 में शहर के टीकाराम नर्सिंग होम में हुआ था।
अफसरों के मुताबिक तब बनी अलीगढ़ नगर पालिका अब नगर निगम बन चुका है। बच्चे के जन्म के एक वर्ष बाद जन्म प्रमाणपत्र के लिए हुए आवेदन में जांच की जाती है,जिसके बाद सर्टिफिकेट जारी किया जाता है। अब मौजूदा समय में इतना पुराण दस्तावेज मिलना खासा मुश्किल है। साथ ही जिस नर्सिंग होम का उल्लेख आवेदन में किया गया है अब वो शहर में है ही नहीं। ऐसे में जांच में मुश्किलें होनी तय हैं। बताया जा रहा है कि अब नगर निगम स्तर से एसडीएम को आवेदन भेजकर जांच कराई जाएगी। इसके बाद ही प्रमाण पत्र जारी करने की कवायद शुरू होगी। बताते चलें कि हिबा नसीरुद्दीन शाह की पहली पत्नी की बेटी हैं।
