हल्द्वानी: नर्स ने फांसी लगाई, शव अस्पताल में छोड़ भागे ससुराली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मृतका के भाई ने पति और सुसरालियों पर लगाए गंभीर आरोप

कहा, फोन करने के 4 घंटे बाद मोर्चरी पहुंचे ससुराली, रिपोर्ट दर्ज

हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर के प्रतिष्ठित अस्पताल में नर्स का काम करने वाली महिला ने किराए के घर में फांसी लगाकर जान दे दी। आरोप है कि महिला ने यह कदम पति और ससुरालियों की प्रताड़ना से आजिज आकर उठाया। जिसके बाद ससुराली शव को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

मूल रूप से लखनी बागेश्वर की रहने वाली रेनू जोशी (26) हल्द्वानी के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में बतौर नर्स काम करती थीं। वर्ष 2018 में उसकी शादी गरुड़ बागेश्वर निवासी धीरज पाठक से हुई थी। धीरज दिल्ली में नौकरी करता है और रेनू संगम विहार कुसुमखेड़ा में किराए के मकान में रहती थी।

रेनू के भाई ख्याली दत्त जोशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ दिन पूर्व रेनू मायके आई थी और हाल में ही वापस हल्द्वानी पहुंची थी। आरोप लगाया कि विवाह के कुछ दिनों बाद से ही सास हेमा पाठक और पति धीरज पाठक दहेज की मांग करने लगे और असमर्थता जताने पर रेनू का शारीरिक व मानसिक शोषण किया जाने लगा।

करीब एक हफ्ता पहले पति धीरज और सास हेमा हल्द्वानी आकर रेनू के साथ रहने लगे। दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। इससे आजिज आकर उसने 6 जुलाई को किराए के कमरे में फांसी लगा ली। ससुरालियों ने ही ख्याली को इसकी सूचना दी।

ख्याली का आरोप है कि जब वह बागेश्वर से हल्द्वानी पहुंचे तो ससुराली शव को छोड़कर भाग गए। फोन किया तो चार घंटे बाद ससुराली मोर्चरी पहुंचे। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के साथ ही आत्महत्या के लिए उकसाने पर कार्रवाई की मांग की है। मुखानी पुलिस ने तहरीर के आधार पर सास हेमा पाठक, ससुर शंभू पाठक और पति धीरज पाठक के​ खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: रुद्रपुर: इंटरप्राइजेज को लगाया 61 लाख रुपये का चूना
 

संबंधित समाचार