हल्द्वानी: बारिश थमी, लेकिन नहीं खुले जिले के बंद 16 मार्ग
हल्द्वानी, अमृत विचार। जिले में लगातार दो दिनों की बारिश के बाद शनिवार को राहत मिली। सुबह से ही मौसम साफ रहा और धूप खिली। हालांकि उमस बढ़ने से लोगों को पसीना बहाना पड़ा।
बीते गुरुवार-शुक्रवार जिले में भारी बारिश हुई। इस वजह से नदी नाले उफना गए थे। बारिश की वजह से भूस्खलन व मलबा आने से मार्ग बंद हो गए थे। इधर, शनिवार को लोगों को बारिश से राहत मिली। सुबह मौसम साफ रहा और दोपहर में जमकर धूप निकली। हालांकि शाम को हल्के बादल छाए ऐसे में बारिश की संभावना लगी लेकिन बदरा नहीं बरसे।
दो दिनों की बारिश के बाद अचानक आई धूप ने उमस व गर्मी बढ़ा दी। लोगों को गर्मी से निजात के लिए एसी कूलर का सहारा लेना पड़ा। वहीं, शनिवार को बारिश नहीं होने के बाद भी एक स्टेट हाईवे समेत 16 मार्ग बंद रहे।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार नैनीताल-किलबरी स्टेट हाईवे, राजभवन-ईस्ट लैगन रोड, बजून-अघौड़ा, पंगूट-देचौरी, डाकबंगला-खूपा, फतेहपुर-छड़ा-अडिया, कौन्ता-हरीशताल, मोरनौला-भीड़ापानी, वलना-बलना, रातीघाट-बुधलाकोट, हरतपा-हली, नौना व्यासी, मल्यूटी मोटर मार्ग, लोहाली-थुवाल मोटर मार्ग, फतेहपुर-बेल बसानी, डाबर-डडोली, डालकन्या-डपटा, पांडेगांव-भांकर शामिल हैं।
वहीं, जिले में बीते 24 घंटों में नैनीताल में 57 मिमी, हल्द्वानी में 138, कोश्याकुटौली में 24.1, धारी में 18, बेतालघाट 13, रामनगर 17.6, कालाढूंगी में 37, मुक्तेश्वर में 24 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।
