रुद्रपुर: दो दिन राहत, उमस भरी गर्मी से फिर आफत
रुद्रपुर, अमृत विचार। तराई में दो दिन लगातार बारिश के बाद धूप निकलने से लोगों को फिर से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा है। मौसम वैज्ञानिकों ने रविवार को पहाड़ों और मैदान में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जतायी है। वहीं शुक्रवार की देर रात्रि से सुबह तक तराई में 84.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी है।
पिछले दो दिन से तराई में लगातार बारिश हो रही थी। इससे तापमान में कमी तो आयी थी साथ ही कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के आसपास रहने वालों में खतरा भी मडराने लगा था। वहीं शुक्रवार की रात्रि से सुबह तक हुई बारिश के बाद मौसम साफ नजर आया।
वहीं तेज धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना भी करना पड़ा। जीबी पंत विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि शनिवार को तराई का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस। वातावरण में नमी की मात्रा 56 फीसदी रही।
जबकि दक्षिण पूर्व से 13.8 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। उन्होंने बताया कि रविवार से लेकर मंगलवार तक पहाड़ों और मैदानों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। हालांकि उन्होंने इस बारिश को धान की खेती के लिए लाभदायक बताया।
