हल्द्वानी: "जेल से छूटते ही तेरे पति को निपटा दूंगा और तुझसे करूंगा शादी"

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जेल में बंद हत्यारोपी ने नव ब्याहता को धमकाया, पति को किया फोन

टूटने की कगार पर पीड़िता की शादी, पुलिस से लगाई मदद की गुहार

हल्द्वानी, अमृत विचार। 'जेल से छूटते ही ब्याह करूंगा और तेरे पति को निपटा दूंगा।' इस धमकी ने एक नव ब्याहता की शादी-शुदा जिंदगी में भूचाल ला दिया है। ये आरोप जेल में बंद एक हत्यारोपी पर लगे हैं और अब इस मामले में पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाई है। कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 

महावीरगंज मंगलपड़ाव निवासी निष्ठा माहेश्वरी पुत्री विश्वनाथ गुप्ता ने ये गंभीर आरोप सौरभ गुप्ता पर लगाए हैं। सौरभ और उसके भाई गौरव गुप्ता पर भुप्पी पांडे की हत्या का आरोप है। भुप्पी की हत्या दिनदहाड़े सिंधी चौक पर गोली मारकर की गई थी। पीड़िता के मुताबिक चार साल पहले उसकी और सौरभ की दोस्ती थी, लेकिन जब उसे पता लगा कि सौरभ आपराधिक गतिविधियों में लिप्त है तो उसने दोस्ती खत्म कर दी।

इस बीच बीते 5 जून को निष्ठा की शादी अमरोहा ज्योतिबाफुलेनगर निवासी सनी माहेश्वरी पुत्र शिव कुमार माहेश्वरी से हो गई। सनी को सौरभ के बारे में पता नहीं था और आरोप है कि बीती 17 जून को सनी के पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने सनी से कहा कि सौरभ ने मिलने के लिए नैनीताल जेल बुलाया है। 

दो दिन बाद निष्ठा मायके आ गई। 20 जून को सनी के पास फिर फोन आया और कहा कि सौरभ गुप्ता, निष्ठा का पहला पति है और वह नैनीताल जेल में बंद है। सौरभ से निष्ठा को एक बच्चा भी है। सनी ने पूछताछ की तो निष्ठा ने सौरभ से दोस्ती की बात कुबूल की, लेकिन सनी के मन में शंका घर कर चुकी थी।

जिसके बाद निष्ठा अपने भाई मोहित और भाभी शिल्पी के साथ सौरभ से मिलने नैनीताल जेल गई। उनकी मुलाकात तो नहीं हो सकी, लेकिन वीडियो कॉल पर बात हुई। सौरभ ने कहा कि जेल से बाहर आते ही अमरोहा जाकर सबसे पहले सनी को जान से मारुंगा। यह भी कहा कि उसके दो लड़के सनी पर नजर रख रहे हैं।

निष्ठा 22 जून को पेरोल पर आये गौरव के साथ सौरभ से मिलने कोर्ट पहुंची, लेकिन वो नहीं माना। उसने निष्ठा के भाई दीपांशु को भी जान की धमकी दी और कहा कि जेल से बाहर आते ही निष्ठा से शादी करेगा। निष्ठा ने सौरभ के भाई गौरव पर भी उसका साथ देने का आरोप लगाया है। 

 

संबंधित समाचार