Kashipur News: राज्य में 48.76 लाख क्विंटल हुआ चीनी का उत्पादन, जिले की चार चीनी मिलें शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Shobhit Singh
On

काशीपुर, अमृत विचार। राज्य में पिछले साल की तुलना में इस साल 48.76 लाख क्विंटल चीनी का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है। जबकि ऊधम सिंह नगर जिले की चार चीनी मिलों ने मिलकर 13.62 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। पिछले साल प्रदेश में 44.18 लाख क्विंटल हुआ था।

वर्ष 2022-23 के लिए मार्च-अप्रैल में प्रदेश की चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू कर दी थी। इस साल प्रदेश की आठ चीनी मिलों में 484.06 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कर 48.76 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। बता दें कि प्रदेश में निजी, सार्वजनिक और सहकारिता क्षेत्र की आठ चीनी मिल संचालित हैं। 

इस साल केंद्र सरकार ने गन्ने का समर्थन मूल्य 305 रुपये प्रति क्विंटल और राज्य सरकार ने शीघ्र प्रजाति का 355 रुपये और सामान्य प्रजाति का समर्थन मूल्य 345 रुपये घोषित किया था। गन्ना विकास एवं चीनी आयुक्त कार्यालय से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इस साल जिले की नादेही, बाजपुर, किच्छा, सितारगंज चीनी मिलों में 13.52 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया गया। 

किच्छा चीनी मिल ने इस बार भी सबसे अधिक 4.30 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन किया। जबकि सितारगंज में 2.48, बाजपुर में 3.68, नादेही में 3.16 लाख क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ। इस प्रकार चारों चीनी मिलों ने 13.62 लाख क्विंटल चीनी उत्पादन किया है। प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग उत्तराखंड नीलेश कुमार ने बताया कि उत्तराखंड की आठ चीनी मिलों में इस बार 48.76 क्विंटल चीनी का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ है। यह पिछले सालों की अपेक्षा अधिक है।

संबंधित समाचार