हल्द्वानी: सोमवार से लापता युवक का शव जंगल में लटका मिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सोमवार से लापता युवक का शव अगले दिन जंगल में पेड़ से लटका मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौपड़ा गांव ज्योलीकोट निवासी प्रताप की नलैना में पेट्रोल पंप के पास परचून की दुकान है।

घर में पत्नी शांति व 27 वर्षीय बेटा संजय है। संजय अपने पिता के साथ परचून की दुकान संभालता था। जबकि बड़ी बहनों की पहले ही शादी हो चुका है। बताया जाता है कि सोमवार को संजय घर से निकला, लेकिन फिर लौट कर नहीं आया। शाम ढलने लगी तो परिजनों को चिंता हुई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कहीं पता नहीं लगा और फोन नहीं उठा तो वह ज्योलीकोट पुलिस चौकी पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई।

परिजनों से मिले मोबाइल नंबर को पुलिस ने सर्विलांस के जरिये ट्रैक किया तो उसकी लोकेशन उसी के घर के पास चौपड़ा गांव के जंगल में मिली। तलाश करती पुलिस मौके पर पहुंची तो संजय का शव एक पेड़ से लटक रहा था। यह देख परिजनों के होश फाख्ता हो गए। आनन-फानन में पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। संजय ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है। 

संबंधित समाचार