बहराइच : अलग-अलग सड़क हादसों में महिला की मौत, चालक घायल
बहराइच, अमृत विचार। लखनऊ बहराइच मार्ग पर अलग अलग स्थानों पर सड़क हादसे हो गए। हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि एक चालक घायल हुआ है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भखरौली मुंगेशपुर गांव निवासी संगीता पत्नी संतोष कुमार की ससुराल बाराबंकी जनपद के बुढवल में है। संगीता इस समय अपने मायके में थी। सोमवार रात को महिला अपने ससुराल के लिए निकली। रात 10 बजे के आसपास महिला बस के लिए जा रही थी। लखनऊ बहराइच मार्ग पर भट्ठापुरवा गांव के पास महिला पहुंची। तभी अज्ञात डंपर ने महिला को रौंद दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर जरवल रोड थाना क्षेत्र के ओवर ब्रिज के पास डाक वाहन और डीसीएम में मंगलवार सुबह टक्कर हो गई। जिसमें डाक वाहन का चालक घायल हो गया। जबकि वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक फरार हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दुर्घटना ग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया। इसके बाद आवागमन को सामान्य किया।
ये भी पढ़ें -बहराइच में सुरक्षा बाड़ में उतरे करंट से किसान की मौत
