बरेली: ई-रिक्शा के लिए भी बनेंगे स्टैंड, पहले देंगे सुविधा फिर लेंगे टैक्स

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शहर में 8.5 हजार ई रिक्शा हैं पंजीकृत, ड्राइवर कहीं पर भी रोक देते हैं ई रिक्शा

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। शहर में जाम का कारण बेतहाशा ई-रिक्शा बन रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए अब ई-रिक्शा स्टैंड बनाए जाएंगे। नगर निगम पहले इन्हें सुविधा देगा और उसके बाद ड्राइवरों से टैक्स वसूला जाएगा। कार्यकारिणी की बैठक में अफसरों से ई रिक्शा स्टैंड की जगह तलाशने और प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।

शहर में ई रिक्शा की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। आरटीओ में ही 8,500 ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। बिना पंजीकरण और बिना रिन्यूवल के भी कई ई-रिक्शा सड़क पर दौड़ रहे हैं। गली-मोहल्लों के साथ बाजारों में भी इनका आवागमन हो रहा है। शहामतगंज बाजार में जाम लगने के कारण यहां के दुकानदारों का व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।

बरेली मर्चेंट एसोसिएशन के जफर बेग और राजीव ऐरन कई बार डीएम और एसपी ट्रैफिक से मिलकर बाजार में लगने वाले जाम से निजात के लिए शहामतगंज पुल के नीचे से ई रिक्शा का संचालन बंद करवाने की मांग कर चुके हैं। व्यापारियों का कहना है कि ई रिक्शा के अव्यवस्थित संचालन से बाजार में जाम लगता है। इससे व्यवसाय प्रभावित होता है।

गलियों में भी दौड़ रहे ई-रिक्शा
बड़ा बाजार के इकबाल सिंह बाले का कहना है कि ई-रिक्शा की वजह से शाम को बड़ा बाजार में हर रोज जाम लग रहा है। इससे यहां का बाजार भी प्रभावित हो रहा है। यह अव्यवस्था किला चौकी से बड़ा बाजार और कुतुबखाना तक है। ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारित हैं लेकिन गलियों में भी चल रहे हैं।

ई-रिक्शा के लिए यह रूट किए गए थे चिह्नित

  • रेलवे जंक्शन से सुभाषनगर, चौपुला चौराहा, खलील तिराहा, नॉवल्टी, पुराना बस अड्डा, सिकलापुर चौराहा तक (वापसी भी इसी रूट से)
  • सेटेलाइट से शहामतगंज, कालीबाड़ी, बरेली काॅलेज तिराहा, पटेल चौक, नॉवल्टी, पुराना बस अड्डा, सिकलापुर होते हुए सेटेलाइट (वापसी भी इसी रूट से)
  • रेलवे जंक्शन से कैंट एरिया, बियावानी कोठी होते हुए सेटेलाइट तक (वापसी भी इसी रूट से)
  • कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप तिराहा से कुदेशिया फाटक होते हुए इज्जतनगर स्टेशन तिराहा तक (वापसी भी इसी रूट से )
  • इज्जतनगर स्टेशन तिराहा से किला क्रासिंग वाया हार्टमैन फ्लाईओवर होते हुए किला क्रासिंग तक (वापसी भी इसी रूट से )
  • डेलापीर से संजयनगर, मॉडलटाउन, ईंट पजाया, शहामतगंज पुल, साईं मंदिर, बरेली कालेज पूर्वी गेट होते हुए गांधी उद्यान तक (वापसी भी इसी रूट से )

यह भी पढ़ें- बरेली: BDA ने की कार्रवाई, लाल फाटक रोड पर चार अवैध मकानों को किया सील

संबंधित समाचार