बरेली: फर्जी और धुंधली नंबर प्लेट लगाकर उपखनिजों का परिवहन कर रहीं दर्जनों गाड़ियां
एसडीएम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी और खान अधिकारी को कड़े निर्देश जारी
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। फर्जी के साथ धुंधली और एक से अधिक नंबर प्लेट लगाकर दर्जनों गाड़ियां जिले में उप खनिजों का परिवहन कर रही हैं। ऐसी गाड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की तैयारी तेज हो गई है। भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशक डाॅ. जैकब रोशन के आदेश पर डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने स्थानीय स्तर पर कार्रवाई का आदेश दिया है।
डीएम ने सभी एसडीएम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन और खान अधिकारी को आदेश जारी करते हुए कहा है कि खनिजों के अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण के लिए समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि कुछ वाहनों द्वारा फर्जी, धुंधले और एक से अधिक नंबर प्लेट लगाकर उपखनिजों का परिवहन किया जा रहा है। सरकार ने सभी वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य किया है। जबकि जांच के दौरान यह देखा गया है कि खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों में अभी भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी हैं। इसके अलाववा निर्धारित मात्रा से अधिक मात्रा में खनिजों के परिवहन से एक ओर जहां राजस्व की क्षति हो रही है, वहीं दूसरी ओर सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं।
सभी प्रकरणों में खनन, परिवहन विभाग और जिला प्रशासन के समन्वय से पांच बिंदुओं पर कार्रवाई करनी है। इसमें खनिजों का परिवहन सिर्फ हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगे वाहन ही करेंगे, जिस वाहन में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं है, उन्हें खनन पट्टास्थलों पर प्रवेश भी नहीं दिया जाए और उसके विरुद्ध कार्रवाई कराएं। गलत नंबर प्लेट वाले वाहनों के अलावा बार-बार कूटरचित परिवहन प्रपत्र और ओवरलोड परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई कराएं।
यह भी पढ़ें- Bareilly: मलेरिया का हमला तेज, एमएमयू करेगी स्क्रीनिंग
