हल्द्वानी: चमचा और चमचे का बॉस पकड़ा, असली आका रुद्रपुर में दुबका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी से पहाड़ तक खपाई जा रही थी रुद्रपुर के गुड्डू भाई बिरयानी वाले की स्मैक

गिरफ्त में आए दो शातिरों से लाखों की स्मैक बरामद गुड्डू भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बिछाया जाल

हल्द्वानी, अमृत विचार। स्मैक के खिलाफ चल रहे पुलिस के अभियान में इस बार न सिर्फ और बड़ी सफलता हाथ लगी, बल्कि एक चेन का भी पता लगा। लाखों की स्मैक के साथ गिरफ्त में आए तस्कर की निशानदेही पर पुलिस ने उसके बॉस को पकड़ा और बॉस से पता लगा कि हल्द्वानी में स्मैक तस्करी के तार रुद्रपुर में गुड्डू भाई बिरयानी वाले से जुड़े हैं। पुलिस अब बिरयानी वाले को गिरफ्त में लेने के लिए जाल बिछा रही है। 

पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में दो लोगों को गिरफ्तार कर 12 लाख रुपये से अधिक की स्मैक बरामद की गई। संयुक्त टीम ने मंगलवार रात अंबिका धर्मकांटा वाली गली गैस गोदाम रोड पर गश्त पर थी।

धर्मकांटा वाली गली के पास कुछ लोग खड़े थे। सब तो फरार हो गए, लेकिन बैग के साथ खड़ा कैलाश शर्मा उर्फ चीमा निवासी अंबिका धर्मकांटा वाली गली मोतीनगर गैस गोदाम रोड मुखानी को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके पास से 110 ग्राम स्मैक बरामद की गई। 

कैलाश ने बताया कि वह स्मैक बनभूलपुरा निवासी मुख्य सप्लायर आनन्द चन्द्रा पुत्र राधे लाल से खरीदकर लाया था। जिसके बाद टीम ने घटना की सूचना सीओ सिटी को दी। आनन-फानन में मुख्य सप्लायर को दबोचने के लिए जाल बिछाया गया और टीम ने सत्यनारायण गली में दबिश देकर आनंद चंद्रा को 12.20 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ लिया गया। इस मुख्य सप्लायर ने जो राज खोले, उससे एक बड़ी चेन का खुलासा हुआ।

आनंद ने बताया कि वह स्मैक रूद्रपुर स्थित आवास विकास निवासी गुड्डू भाई बिरयानी वाले से खरीदकर लाता है और हल्द्वानी के साथ पहाड़ी क्षेंत्रों में अपने एजेन्टों के माध्यम से सप्लाई कराता है। आनंद चंद्रा पर मुखानी में दो मामले पहले ही दर्ज हैं और वह वांछित भी था। 


पुलिस टीम को 5 हजार रुपये का इनाम

एसएसपी पंकज भट्ट ने गुडवर्क करने वाली टीम को 5 हजार रुपये इनाम की घोषणा की है। गुडवर्क करने वाली टीम में मुखानी थानाध्यक्ष रमेश बोहरा, एसओजी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी, आरटीओ चौकी प्रभारी प्रीति, हीरानगर चौकी प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार, हे.कां. त्रिलोक सिंह, सोबन सिंह, नारायण, कां. अशोक रावत, दिनेश नगरकोटी, भानू प्रताप ओली, अनिल गिरी, गोविन्द जीना, थाना मुखानी।

यह भी पढ़ें: Haridwar News: केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने उठाई कांवड़ यात्रा, UCC पर कही बड़ी बात

 

संबंधित समाचार