Rudrapur News: बारिश ने रोकी हिमाचल से टमाटर की आवक, 160 रुपया प्रति किलो पहुंचा भाव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। बगवाड़ा मंडी रुद्रपुर में बारिश से पहाड़ों के साथ ही हिमाचल की मंडी से टमाटर की आवक कम हो गई है। इस कारण मंडी में टमाटर के भाव कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंडी में टमाटर 100 से 120 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। जबकि बाजार में टमाटर के दाम 160 रुपये तक पहुंच गए हैं।

दरअसल, एक पखवाड़े पूर्व तक बगवाड़ा मंडी में हिमाचल और हल्द्वानी से आ रहे टमाटर 18 से 19 रुपये प्रति किलोग के हिसाब से बिक रहे थे, जबकि बाजार में टमाटर की कीमत 30 रुपये प्रति किग्रा. था। वहीं, पिछले कई दिनों से हो रही बारिश और पहाड़ी इलाकों में जगह-जगह मलबा आने से सड़क बंद होने और टमाटर के नुकसान से मंडियों में टमाटर की आवक कम हो गई है।

मंडी समिति के अधिकारियों के अनुसार सामान्य दिनों में हिमाचल और हल्द्वानी से करीब 70 से 100 कुंतल तक टमाटर की आवक होती थी। लेकिन, बारिश के कारण यह आवक मात्र 37 क्विंटल तक पहुंच गई है। सब्जी विक्रेता तपन ने बताया कि इस समय आलू और प्याज को छोड़कर सभी सब्जियों के दाम बढ़ गये हैं। 

मंडी में अच्छा टमाटर 120 से 130 रुपया प्रति किग्रा. और थोड़ा कम अच्छा टमाटर 100 से 110 रुपये तक मिल रहा है। मंडी में टमाटर के भाव अधिक होने के कारण खुले बाजार में टमाटर 160 रुपये तक बिक रहा है।

बगवाड़ा मंडी सचिव विश्व विजय देव सिंह ने बताया कि पहाड़ों में बारिश और रोड बंद होने से हिमाचल और हल्द्वानी मंडी से टमाटर की आवक कम हो गयी है। इस कारण टमाटर के भाव 100 से 120 रुपया प्रति किग्रा. तक पहुंच गये हैं। बारिश कम होने और सड़कों के खुलने के बाद ही टमाटर की भाव कम होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- Rudrapur News: चमोली में डॉक्टर पर हमले के विराध में प्रदर्शन, काले फीते बांधकर की गिरफ्तारी की मांग

संबंधित समाचार