हल्द्वानी: एचएससीएल की लापरवाही से एसटीएच हुआ पानी-पानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सुशीला तिवारी अस्पताल में 42 बेड के नए वार्ड का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था की लापरवाही से अस्पताल बरसात में पानी-पानी हो गया है। छत में तोड़-फोड़ के कारण पानी की रिसाव हो रहा है। इससे जगह-जगह फॉल्स सीलिंग टूट गई है। साथ ही दीवारों पर भी सीलन आ गई है।

 एसटीएच में हड्डी रोग (ऑर्थो) विभाग के ऑपरेशन थिऐटर (ओटी)  और मेडिसिन आईसीयू की छत पर आठ करोड़ रुपये की लागत से 42 बेड का प्री फैब पीडियाट्रिक केयर यूनिट बन रहा है। इसमें 4 आईसीयू, 8 एचडीयू तथा 30 बेड होंगे। केंद्र सरकार के इमरजेंसी कोविड रिस्पांस पैकेज फेज-टू (ईसीआरपी-सेकेंड) के तहत वार्ड के निर्माण का जिम्मा नामित कंपनी हिंदुस्तान स्टील वर्क्स कंस्ट्रक्शन लि. (एचएससीएल) को दिया गया है।
 

बताया जाता है कि कंपनी ने मई माह में निर्माण शुरू किया था। कार्य के दौरान कर्मचारियों ने छत को जगह-जगह तोड़ा। जिससे बारिश में छत में पानी जमा होने से रिसाव हो गया। ऑर्थो ओटी और मेडिसिन आईसीयू में पानी टपकने के कारण उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया गया। कंपनी कर्मचारियों की इस लापरवाही के कारण अस्पताल के प्रथम तल तक दीवारों में सीलन आ गई है। वहीं पानी के कारण जगह-जगह फॉल्स सीलिंग भी टूट गई है। बहरहाल कर्मचारियों ने छत को तिरपाल से ढक दिया है। जिससे बारिश का पानी अंदर न जा पाये।

पांच और अस्पतालों में पानी रिसाव की शिकायत
एचएससीएल कंपनी जिला अस्पताल बागेश्वर, उप जिला अस्पताल रानीखेत व रामनगर, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज देहरादून और वीर चंद्र सिंह गढ़वाल राजकीय आयुर्विज्ञान शोध संस्थान श्रीनगर में भी एचएससील कंपनी 32 और 42 बेड के प्री फैब पीडियाट्रिक केयर यूनिट का निर्माण कर रही है। यहां भी कार्य में लापरवाही के कारण छतों और दीवारों से पानी का रिसाव हो रहा है। अपर मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड ने कंपनी के महाप्रबंधक को नोटिस भेजकर अस्पतालों में टीमें गठित कर पानी का रिसाव रोकने के निर्देश दिये हैं। साथ ही चिकित्सा सुविधा बाधित होने पर कार्रवाई के लिए चेताया है।


ऑर्थों ओटी को न्यूरो तथा मेडिसिन आईसीयू को जे वार्ड में बने 20 बेड के आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। लापरवाही के लिए कंपनी को भी नोटिस दिया गया है। कंपनी को नुकसान के नवीनीकरण व भरपाई के लिए कहा गया है।
- डॉ. अरुण जोशी,, प्राचार्य
राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी

संबंधित समाचार